मुरैना पुलिस की गिरफ्त में ठगी का आरोपी फोटो सोर्स- नवभारत
मुरैना

मुरैना: संत बनकर सास-बहू से मटकी में रखवाए 6 लाख के गहने, खोलने पर अंदर से निकले पत्थर, पुलिस के हत्थे चढ़ा ठग

Morena Crime News : मुरैना में एक बदमाश ने सूफी संत बनकर सास-बहू से बीमारी ठीक करने के नाम पर 6 लाख रुपये के जेवरातों की ठगी की थी। आरोपी को पुलिस ने 4 साल बाद गिरफ्तार कर लिया है।

योगेश पाराशर, प्रीतेश जैन

Morena Fake Sufi Saint Fraud : मुरैना में बीमारी ठीक करने का झांसा देकर सास-बहू से करीब छह लाख रुपये के सोने के गहने ठगने वाले आरोपी को कोतवाली पुलिस ने चार साल बाद गिरफ्तार किया है। आरोपी ने खुद को सूफी संत बताकर महिलाओं को अपनी बातों में फंसाया था। इलाज के नाम पर उनसे गहने उतरवाकर एक मटकी में रखवाए और करीब दो घंटे बाद मटकी खोलने की बात कही।

मामला शहर की दुर्गापुरी कॉलोनी का है। साल 2022 में हबीब खान ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। घटना के समय हबीब अपने बड़े भाई के निधन के कारण जौरा गया हुआ था। घर पर उसकी पत्नी अकीला बेगम और पुत्रवधू मौजूद थीं। इसी दौरान दो लोग घर पहुंचे और खुद को सूफी संत बताकर अकीला की पेट की गांठ का इलाज करने का दावा किया।

मटकी खोली तो गहनों की जगह मिले कंकड़

आरोपियों ने सास-बहू को झांसे में लेकर उनके सोने के गहने उतरवाए और एक मटकी में रखवा दिए। इसके बाद मटकी बंद कर दी गई और दो घंटे बाद खोलने को कहा गया। इसी दौरान दोनों महिलाओं को पानी पिलाया गया। पानी पीने के बाद दोनों बेहोश हो गईं। जब करीब दो घंटे बाद उन्हें होश आया और मटकी खोली तो उसमें सोने के गहनों की जगह सिर्फ कंकड़ मिले।

आठ बालियां, अंगूठियां और मंगलसूत्र ले गए थे

आरोपी आठ बालियां, चार बाला, चार अंगूठियां और दो मंगलसूत्र समेत करीब छह लाख रुपये के सोने के गहने और 10 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए थे। पुलिस चार साल से आरोपियों की तलाश कर रही थी, लेकिन कोई ठोस सुराग नहीं मिल सका था।

ग्वालियर में परिचित ने पहचान लिया

रविवार को ग्वालियर के गोल पहाड़िया इलाके में हबीब खान के परिचित आजाद खान की नजर एक व्यक्ति पर पड़ी। वह व्यक्ति राशि के नग बेचने आया था। आजाद खान ने उसे पहचान लिया और पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया।

फर्जी सिम से छिपाता रहा पहचान, खात्मा लगाने की तैयारी थी

गिरफ्तार आरोपी की पहचान उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले के भोपा थाना क्षेत्र के मोरना गांव निवासी समीर पठान के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से 28 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। पूछताछ में सामने आया कि ठगी किए गए सोने के गहने वह बेच चुका है। आरोपी जिस मोबाइल नंबर का इस्तेमाल करता था, उसकी सिम दतिया में फर्जी नाम-पते पर ली गई थी। सुराग नहीं मिलने के कारण पुलिस ने केस में खात्मा लगाने की फाइल भी तैयार कर ली थी, जिसे दो बार एसपी कार्यालय से कमियां बताकर वापस किया गया था।

साथी की तलाश, खरीदारों तक पहुंचेगी पुलिस

मुरैना पुलिस की पूछताछ में आरोपी के साथी मेहबूब खान का नाम भी सामने आया है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। साथ ही ठगी के गहने किसे और कहां बेचे गए, इसका पता लगाया जा रहा है। पुलिस का मानना है कि गहनों के खरीदारों तक पहुंचने पर ठगी के माल की बरामदगी हो सकती है। शहर कोतवाली एसआई पवन भदौरिया ने बताया कि आरोपी बेहद शातिर था और फर्जी सिम का इस्तेमाल करता था। मुखबिर की सूचना पर उसकी गिरफ्तारी हुई है और उसके साथी की तलाश जारी है।

दूसरे देशों के सर्टिफिकेट क्यों देखें? UCC पर उमर अब्दुल्ला का BJP पर हमला, बोले- संसद में साबित करें बहुमत

मजबूत लोकतंत्र के लिए आलोचना जरूरी, अदालती फैसलों पर CJI सूर्यकांत का बड़ा बयान, कहा- जनता का भरोसा जीते

BRICS डिनर में नहीं पहुंचे कांग्रेस के 3 CM, बांसुरी स्वराज ने घेरा, बोली- पार्टी का नहीं, भारत का मंच था

दिल्ली हाई कोर्ट पहुंचा DUSU चुनाव का मामला, लिंगदोह कमेटी के नियमों में उल्लंघन का आरोप

किसानों के लिए बड़ी खुशखबरी! इन 3 सरकारी योजनाओं से हर साल ₹6,000 और 5 लाख तक लोन का फायदा, पढ़ें पूरी खबर