मुरैना में ट्रेन से कटकर युवक की मौत फोटो सोर्स- नवभारत
मुरैना

मुरैना में ट्रेन से कटकर युवक की मौत, हीराकुंड एक्सप्रेस 20 मिनट रुकी, पीछे आ रही 2 ट्रेनें भी फंसीं

Morena Train Accident : मुरैना के लालौर रेलवे फाटक पर ट्रेन की चपेट में आने से युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद हीराकुंड एक्सप्रेस 20 मिनट रुकी, जबकि पीछे आ रही दो ट्रेनें भी 10-12 मिनट फंसी रहीं।

योगेश पाराशर, प्रीतेश जैन

Morena Lalaur Railway Gate Accident : मुरैना शहर के लालौर रेलवे फाटक के पास गुरुवार दोपहर ट्रेन की चपेट में आने से एक अज्ञात युवक की मौत हो गई। आगरा से मुरैना की ओर आ रही हीराकुंड एक्सप्रेस की चपेट में आने के बाद युवक की मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे के कारण ट्रेन के ब्रेक सिस्टम का प्रेशर लीक हो गया, जिसके चलते हीराकुंड एक्सप्रेस करीब 20 मिनट तक मौके पर खड़ी रही। हादसे में मृतक का शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गया, जिसके चलते उसकी पहचान नहीं हो सकी।

ट्रेन के आगे आया युवक, इंजन के नीचे फंसा

जानकारी के अनुसार एक युवक अचानक हीराकुंड एक्सप्रेस के सामने आ गया। ट्रेन की चपेट में आने के बाद युवक इंजन के नीचे फंस गया और काफी दूर तक घिसटता चला गया। टक्कर के कारण ट्रेन के ब्रेक सिस्टम का प्रेशर लीक हो गया। इसके बाद ट्रेन को मौके पर रोकना पड़ा और रेलवे अमले को स्थिति संभालने में समय लगा।

20 मिनट बाद रवाना हुई हीराकुंड एक्सप्रेस

ब्रेक का प्रेशर करीब 20 मिनट बाद बहाल किया गया, जिसके बाद हीराकुंड एक्सप्रेस को आगे रवाना किया गया। ट्रेन के निकलने के बाद आरपीएफ, जीआरपी और स्टेशन रोड थाना पुलिस ने रेलवे ट्रैक के आसपास युवक की तलाश शुरू की। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद ट्रैक के पास शव बरामद किया गया।

टुकड़ों में मिला शव, नहीं हो सकी पहचान

ट्रेन के नीचे काफी दूर तक घिसटने के कारण युवक का शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गया था। पुलिस के मुताबिक मृतक की उम्र करीब 25 से 30 वर्ष के बीच है, लेकिन उसकी पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस मृतक की पहचान के प्रयास कर रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि युवक ने आत्महत्या की थी या वह अचानक ट्रेन की चपेट में आकर हादसे का शिकार हुआ।

लालौर रेलवे फाटक पर लगा जाम

हादसे और पुलिस की कार्रवाई के दौरान लालौर रेलवे फाटक बंद रहा। हीराकुंड एक्सप्रेस के निकलने के बाद फाटक खोला गया तो दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। कुछ देर में यहां जाम की स्थिति बन गई। इसी दौरान आगरा की ओर से खजुराहो इंटरसिटी और ग्वालियर-कोलकाता एक्सप्रेस भी लालौर रेलवे फाटक के पास पहुंच गईं।

दो ट्रेनें भी 10-12 मिनट रुकीं

रेलवे फाटक के आसपास जाम और स्थिति सामान्य होने तक खजुराहो इंटरसिटी और ग्वालियर-कोलकाता एक्सप्रेस को भी करीब 10 से 12 मिनट तक रोकना पड़ा। इस तरह एक युवक की मौत के बाद हुए हादसे का असर रेल और सड़क यातायात दोनों पर दिखाई दिया।

पुलिस जांच में जुटी

स्टेशन रोड थाना प्रभारी दर्शन शुक्ला ने बताया कि मृतक की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। मुरैना पुलिस हादसे के कारणों की भी जांच कर रही है। मृतक की पहचान होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

बंगाल में पूर्व जस्टिस इंद्रजीत चटर्जी ने की SIR ड्यूटी से हटने की मांग! पत्र में किया परेशानी का जिक्र

रायगढ़ के दिवेआगर बीच पर भीषण हादसा: समुद्र की तेज लहरों में डूबे पुणे के 8 छात्र, ट्रिप के दौरान मातम

अजय राय की होगी छुट्टी? आराधना मिश्रा ‘मोना’ को मिल सकती है UP कांग्रेस की कमान

स्मित मच्छार के चाचा-चाची से मिले CM फडणवीस; तारीफ़ करते हुए बोले- मुंबई के सुपुत्र और असली हीरो हैं कैप्टन

सपा नेता के बिगड़े बोल, BJP नेत्री को कहा- किसी घाट पर कपड़ा धो रही होती; देखें वीडियो