

Biplab Deb BJP Meeting : मध्यप्रदेश भाजपा के नए प्रदेश प्रभारी बिप्लब कुमार देब ने गुरुवार को पार्टी पदाधिकारियों और संभाग-जिला प्रभारियों की बैठक में संगठन को लेकर कई निर्देश दिए। उन्होंने नेताओं के स्वागत में जेसीबी से फूल बरसाने और महंगे गिफ्ट देने की परंपरा बंद करने को कहा।
देब ने संगठन में गुटबाजी और नाराजगी को भी तीन महीने के भीतर दूर करने का टारगेट दिया। उन्होंने कहा कि आपसी मतभेद बातचीत से सुलझाएं और समझाने के बाद भी कोई कार्यकर्ता या पदाधिकारी बात नहीं मानता है तो उसके नाम और मोबाइल नंबर की सूची प्रदेश नेतृत्व को भेजी जाए।
बिप्लब देब ने कहा कि नेताओं के स्वागत में बड़ी मालाओं और दिखावे की जगह सादगी अपनाई जानी चाहिए। उन्होंने स्पष्ट तौर पर कहा कि स्वागत के लिए JCB से फूल बरसाने की संस्कृति बंद होनी चाहिए। साथ ही महंगे गिफ्ट देने से भी बचने की नसीहत दी। बैठक में उन्होंने संगठन के कार्यक्रमों में व्यक्तिगत शक्ति प्रदर्शन के बजाय पार्टी की कार्यसंस्कृति और सरकार के काम को प्राथमिकता देने की बात कही।
भाजपा प्रदेश प्रभारी ने संभाग और जिला प्रभारियों से कहा कि स्थानीय स्तर पर गुटबाजी और नाराजगी को तीन महीने में दूर किया जाए। उन्होंने आपसी मतभेदों को बातचीत के जरिए सुलझाने पर जोर दिया। देब ने कहा कि समझाने के बाद भी यदि कोई संगठन की बात नहीं मानता है तो उसके नाम और मोबाइल नंबर की सूची प्रदेश नेतृत्व और प्रभारी को भेजी जाए।
देब ने पदाधिकारियों से कहा कि होर्डिंग और बैनर में नेताओं की बड़ी तस्वीरें लगाने की बजाय केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं को प्रमुखता दी जाए। उनका कहना था कि संगठन का इस्तेमाल व्यक्तिगत प्रचार के लिए नहीं, बल्कि सरकार के काम और योजनाओं को जनता तक पहुंचाने के लिए किया जाना चाहिए। पदाधिकारियों को यह भी देखने को कहा गया कि सरकारी योजनाओं का लाभ लोगों तक पहुंच रहा है या नहीं।
देब ने कहा कि संगठन में किसी पद पर रहना स्थायी नहीं है। पदाधिकारी अपने कार्यकाल में ऐसा काम करें कि दायित्व बदलने के बाद भी कार्यकर्ता उन्हें सम्मान और विश्वास के साथ याद करें। उन्होंने मंडल, जिला, संभाग, शक्ति केंद्र, बूथ और पन्ना प्रमुख तक संगठन की जिम्मेदारियों का प्रभावी निर्वहन करने और कार्यकर्ताओं के साथ लगातार संवाद बनाए रखने पर जोर दिया।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने बैठक में कहा कि संगठन की सक्रियता का असर बूथ स्तर पर दिखाई दे रहा है। उन्होंने ‘मन की बात’ कार्यक्रम में बूथ स्तर की सहभागिता बढ़ने का दावा किया। खंडेलवाल ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के तहत भी बेहतर काम हो रहा है और आगामी कार्यक्रमों को प्रभावी तरीके से पूरा करने के लिए कार्यकर्ता जुटे हुए हैं। उन्होंने जिला, मंडल और बूथ स्तर तक नियमित बैठक, प्रवास और संवाद पर जोर दिया।
प्रदेश सह प्रभारी रेखा वर्मा ने कहा कि संगठन को लेकर मिले मार्गदर्शन को गंभीरता और प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय की बात कही। प्रदेश संगठन महामंत्री चंद्रशेखर ने कहा कि कार्यकर्ताओं की सक्रियता भाजपा संगठन की ताकत है। उन्होंने सभी को साथ लेकर आगे बढ़ने, जनविश्वास बनाए रखने और सरकार की योजनाओं को जनता तक पहुंचाने पर जोर दिया।
बैठक में प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, प्रदेश प्रभारी बिप्लब कुमार देब, प्रदेश सह प्रभारी रेखा वर्मा और प्रदेश संगठन महामंत्री चंद्रशेखर ने प्रदेश पदाधिकारियों, संभाग प्रभारियों और मोर्चों के प्रदेश अध्यक्षों को संगठनात्मक गतिविधियों को लेकर दिशा-निर्देश दिए। देब का मध्यप्रदेश प्रभारी बनने के बाद यह पहला दो दिवसीय संगठनात्मक दौरा है, जिसमें कोर ग्रुप के साथ बैठक के बाद प्रदेश पदाधिकारियों के साथ भी बैठक हुई।