Fertilizer Token Sold In 100 Rupees: मुरैना कृषि उपज मंडी में खाद वितरण व्यवस्था का जायजा लेने मंगलवार सुबह पहुंचे कांग्रेस नेताओं ने खाद के टोकन की कालाबाजारी का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। कांग्रेस नेताओं ने दावा किया कि एक युवक किसानों को 100-100 रुपए में खाद के टोकन बेच रहा था।
इस दौरान बिना नंबर की एक ट्रैक्टर-ट्रॉली में खाद के सैकड़ों बोरे ले जाते हुए भी पकड़े गए। मामले को लेकर विधायक दिनेश गुर्जर की अगुआई में एक सैकड़ा से ज्यादा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विपणन संघ के गोदाम के बाहर धरना देकर नारेबाजी शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार मुरैना विधायक दिनेश गुर्जर ने सोमवार शाम पार्टी के नेता और कार्यकर्ताओं से मंगलवार को मंडी पहुंचकर खाद वितरण और किसानों की समस्याओं का जायजा लेने के लिए कहा था। इसी के तहत मंगलवार सुबह कांग्रेस नेता मंडी में जुटे थे। इसी दौरान ब्लॉक अध्यक्ष विनोद शर्मा ने आरोप लगाया कि एक युवक 100-100 रुपए में खाद के टोकन बेच रहा है। विनोद शर्मा ने उक्त युवक से दो टोकन छीन लिए, लेकिन आरोपित युवक मौके से भाग गया। इसके कुछ देर बाद कांग्रेस नेताओं को खाद के बोरों से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली जाती दिखाई दी। ट्रैक्टर पर नंबर प्लेट नहीं लगी थी।
विधायक दिनेश गुर्जर ने ड्राइवर से पूछताछ की तो उसने बताया कि खाद रामपुर गंज स्थित वितरण केंद्र पर ले जाई जा रही है। विधायक ने ट्रैक्टर पर नंबर नहीं होने और खाद परिवहन से संबंधित दस्तावेज नहीं दिखाए जाने पर सवाल उठाए। इसके बाद कांग्रेस नेता ट्रैक्टर-ट्रॉली को लेकर विपणन संघ के गोदाम के बाहर पहुंच गए और धरना शुरू कर दिया। धरने के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि किसानों के ट्रैक्टरों को यातायात पुलिस पकड़कर कार्रवाई कर रही है और जुर्माना वसूल रही है, जबकि बिना नंबर के ट्रैक्टर में खाद ले जाने का मामला सामने आने के बावजूद जिम्मेदार अधिकारी कार्रवाई नहीं कर रहे हैं।
करीब दो घंटे तक चले धरने और नारेबाजी के बाद अपर कलेक्टर अश्विनी रावत मंडी पहुंचे। विधायक दिनेश गुर्जर ने खाद के टोकन और खाद की कथित कालाबाजारी की जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। साथ ही किसानों के लिए मंडी में छांव और पेयजल की व्यवस्था करने तथा खाद वितरण के लिए एक अतिरिक्त काउंटर बढ़ाने की मांग रखी।
अपर कलेक्टर ने कांग्रेस नेताओं को आश्वासन दिया कि बुधवार से किसानों के लिए आवश्यक सुविधाएं बढ़ाई जाएंगी। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस शहर जिलाध्यक्ष गजेंद्र जाटव, किसान कांग्रेस जिलाध्यक्ष जितेंद्र डंगस, महासचिव कुलदीप यादव, ब्लॉक अध्यक्ष विक्रमराज मुदगल, आसिफ कुरैशी, रिंकू पचौरी, पार्षद सोनू जोनवर, रमेश अर्गल सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।