Monalisa Bhosle Viral Girl FIR Against Four People: प्रयागराज कुंभ मेले के दौरान अपनी नीली आंखों की वजह से सुर्खियों में आई और बाद में केरल के एक मंदिर में अपने मुस्लिम प्रेमी से विवाह करने वाली युवती के मामले में अब नया मोड़ आ गया है। मध्य प्रदेश के खरगोन की रहने वाली इस ‘वायरल गर्ल’ ने केरल में चार लोगों के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज कराई है।
युवती ने जिन लोगों के खिलाफ शिकायत की है, उनमें विश्व हिंदू परिषद (विहिप) का एक पदाधिकारी और वह फिल्म निर्देशक भी शामिल है, जिसने उसे फिल्म में मौका देने का दावा किया था। केरल के एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने मीडिया को बताया कि मोनालिसा ने जिन लोगों को आरोपी बनाया है, उनमें विहिप नेता और वकील अनिल विलायिल के साथ फिल्म निर्देशक सनोज मिश्रा भी शामिल हैं।
इस मामले में पुलिस ने जानकारी दी कि पीड़िता ने विहिप नेता और वकील अनिल विलायिल के खिलाफ शिकायत दर्ज कराते हुए, उसे बदनाम करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने इस प्रकरण में जीरो एफआईआर दर्ज की है, जिसका अर्थ है कि मामला किसी भी थाने में दर्ज किया जा सकता है और बाद में संबंधित अधिकार क्षेत्र में ट्रांसफर किया जाता है। अधिकारियों के मुताबिक, चूंकि कथित घटनाएं मध्य प्रदेश में हुई हैं, इसलिए यह केस आगे की जांच के लिए मध्य प्रदेश पुलिस को सौंपा जा सकता है।
पुलिस को दी शिकायत में ‘वायरल गर्ल’ ने उसे फिल्म में मौका देने वाले निर्देशक पर आरोप लगाया है कि फिल्म ‘द डायरी ऑफ मणिपुर’ की शूटिंग के दौरान उसके साथ गलत व्यवहार किया गया। इस मामले को लेकर पिछले महीने कोच्चि में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में युवती ने भावुक होते हुए दावा किया था कि निर्देशक ने उसे कई बार अनुचित तरीके से छुआ। मोनालिसा का यह भी कहना है कि जब उसने यह बात अपने परिवार को बताई, तो उसे वहां से भी समर्थन नहीं मिला।
यह भी पढ़ें: Jabalpur Cruise Accident: मौत के तांडव के बीच देवदूत बनकर आए मजदूर, रमजान ने 6 लोगों को निकाला था पानी से बाहर
मोनालिसा की शादी को लेकर लगे आरोपों के कारण मामला और भी जटिल हो गया है। मोनालिसा भोसले के माता-पिता का आरोप है कि उसकी उम्र केवल 16 साल है और उन्होंने मध्य प्रदेश के महेश्वर पुलिस स्टेशन में मोनालिसा के पती फरमान के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। हालांकि, मोनालिसा हमेशा से कहती रही हैं कि उसकी उम्र 18 साल है।