Khandwa Medical College Patient Jump: खंडवा मेडिकल कॉलेज अस्पताल में गुरुवार रात एक बार फिर एक मरीज के ऊंचाई से छलांग लगाने की घटना सामने आई है। हादसे में 30 वर्षीय युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तत्काल अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया। घटना के बाद अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई, जबकि पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार घायल युवक की पहचान परलाल पिता छगनलाल (30 वर्ष), निवासी बड़गांव माल के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक युवक ने अचानक अस्पताल की ऊंचाई से छलांग लगा दी। गिरने की आवाज सुनते ही अस्पताल स्टाफ और सुरक्षा कर्मी मौके पर पहुंचे और घायल को तत्काल उपचार के लिए इमरजेंसी में भर्ती कराया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि युवक किस वार्ड में भर्ती था और किन परिस्थितियों में उसने यह कदम उठाया। मामले में परिजनों और अस्पताल स्टाफ से भी पूछताछ की जा रही है।
ये भी पढ़ें : सागर की बंजर जमीन बनी कमाई का जरिया! मिट्टी से निकल रहे 'कीमती माला के दाने', 25 हजार तक मिल रही कीमत
इस घटना के बाद मेडिकल कॉलेज अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था और मरीजों की निगरानी को लेकर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं। उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी अस्पताल में मरीजों के ऊंचाई से छलांग लगाने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं के बाद अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की मांग तेज हो गई है। अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। वहीं पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना के कारणों का पता चल सकेगा।
https://youtu.be/oLRB8qCz4Hs?si=y7JxijYV2gmxKEqC