Highlights:
राज्यसभा चुनाव से जुड़ी याचिका में तीन सांसदों पर हाईकोर्ट ने लगाया जुर्माना।
हाईकोर्ट ने तरुण चुग, रजनीश कुमार अग्रवाल और महेश केवट पर लगाया 1-1 हजार रुपए का जुर्माना।
कांग्रेस की पूर्व सांसद मीनाक्षी नटराजन ने नामांकन निरस्त करने को दी है हाईकोर्ट में चुनौती।
हाईकोर्ट ने मामले में जवाब दाखिल करने के लिए दो सप्ताह का दिया आखिरी मौका।
MP High Court Fine on Three Rajya Sabha MPs : मध्य प्रदेश हाईकोर्ट ने राज्यसभा चुनाव से जुड़ी याचिका में जवाब दाखिल करने में देरी पर तीन सांसदों पर जुर्माना लगाया है। जस्टिस बीपी शर्मा की एकलपीठ ने राज्यसभा सांसद तरुण चुग, रजनीश कुमार अग्रवाल और महेश केवट पर एक-एक हजार रुपए का जुर्माना लगाया है।
कोर्ट ने उन्हें दो सप्ताह के भीतर जवाब पेश करने का अंतिम मौका दिया है। मामले की अगली सुनवाई 11 दिसंबर को होगी।
यह मामला कांग्रेस नेता और पूर्व सांसद मीनाक्षी नटराजन की याचिका से जुड़ा है। उन्होंने राज्यसभा चुनाव में अपना नामांकन निरस्त किए जाने को चुनौती दी है। नटराजन का आरोप है कि तेलंगाना की एक अदालत में लंबित कथित आपराधिक परिवाद की जानकारी छिपाने के आधार पर उनका नामांकन खारिज किया गया था। उनका कहना है कि उन्होंने निर्वाचन अधिकारी के सामने अपना पक्ष रखा था, लेकिन इसके बावजूद नामांकन निरस्त कर दिया गया।
याचिका में राज्यसभा सदस्य तरुण चुग, रजनीश कुमार अग्रवाल और महेश केवट को पक्षकार बनाया गया है। इनकी ओर से पेश वकीलों ने जवाब दाखिल करने के लिए और समय मांगा। कोर्ट ने देरी पर नाराजगी जताते हुए तीनों पर एक-एक हजार रुपए का जुर्माना लगाया और दो सप्ताह में जवाब देने का अंतिम अवसर दिया।
इससे पहले भी हाईकोर्ट ने सांसदों को जवाब पेश करने का मौका दिया था। कोर्ट ने साफ किया था कि तय समय में जवाब नहीं आने पर उनका लिखित जवाब दाखिल करने का अधिकार खत्म किया जा सकता है। इसके बावजूद फिर समय मांगा गया, जिसके बाद कोर्ट ने जुर्माने के साथ अंतिम मौका दिया है।
सुनवाई के दौरान विधानसभा के प्रमुख सचिव और रिटर्निंग ऑफिसर अरविंद शर्मा ने भी जवाब दाखिल करने के लिए समय मांगा। निर्वाचन आयोग ने याचिका से आयोग और मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी का नाम हटाने के लिए आवेदन दिया था। एकलपीठ ने दोनों को अनावेदकों की सूची से हटाने के निर्देश दिए। अब इस मामले में अगली सुनवाई 11 दिसंबर को होगी।