Sanjay Nagayach Inspects Jitu Patwari Warehouse: मध्य प्रदेश वेयरहाउसिंग एंड लॉजिस्टिक्स कॉर्पोरेशन के अध्यक्ष संजय नगायच ने रविवार को इंदौर जिले की सांवेर विधानसभा के पालिया गांव में स्थित कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी के चार वेयरहाउसों का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने वेयरहाउसों में फायर सेफ्टी और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर गंभीर अनियमितताओं का दावा किया। मामले को लेकर प्रदेश की राजनीति में भी हलचल तेज हो गई है।
वेयरहाउसिंग कॉर्पोरेशन के अध्यक्ष संजय नगायच ने निरीक्षण के बाद कहा कि वेयरहाउसों में सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया जा रहा है। उनके अनुसार आग से बचाव के लिए जरूरी संसाधनों का अभाव पाया गया। नगायच ने दावा किया कि कई स्थानों पर फायर सेफ्टी से जुड़ी बुनियादी व्यवस्थाएं तक मौजूद नहीं थीं। उन्होंने इसे नियमों का गंभीर उल्लंघन बताते हुए अधिकारियों को मामले की विस्तृत रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान नगायच ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि नियमों के उल्लंघन के मामले में वेयरहाउस संचालक को नोटिस जारी किया जाए। साथ ही उन्होंने सरकारी अनाज भंडारण के लिए पात्रता की समीक्षा करने की बात भी कही। उनका कहना था कि यदि निर्धारित मानकों का पालन नहीं किया जा रहा है तो नियमानुसार कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने यह भी बताया कि प्रदेशभर में वेयरहाउसों की जांच अभियान के तहत की जा रही है।
मामले के सामने आने के बाद कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने वेयरहाउसिंग कॉर्पोरेशन के महाप्रबंधक अनुराग वर्मा से फोन पर चर्चा की। पटवारी ने कहा कि यदि सरकार को उनके वेयरहाउसों में किसी प्रकार का नियम उल्लंघन नजर आता है तो वे तत्काल उन्हें खाली करा सकती है। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके खिलाफ राजनीतिक द्वेष की भावना से कार्रवाई की जा रही है और वे किसी दबाव के आगे झुकने वाले नहीं हैं।
यह भी पढ़ें: मुरैना में ससुराल पक्ष से हुआ विवाद, फिर तालाब में कूदा दामाद; सुबह SDRF ने बरामद किया शव
संजय नगायच ने दावा किया कि उन्होंने केवल पटवारी के ही नहीं, बल्कि प्रदेश के करीब 100 वेयरहाउसों का निरीक्षण किया है। उनका कहना है कि जांच का उद्देश्य सभी भंडारण केंद्रों में सुरक्षा और गुणवत्ता मानकों का पालन सुनिश्चित करना है। वहीं इस पूरे घटनाक्रम के बाद राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है। अब सभी की नजर प्रशासन की अगली कार्रवाई और जांच रिपोर्ट पर टिकी हुई है।