इंदौर में संघ की बैठक के बीच भाजपा नेताओं की मौजूदगी चर्चा में।
राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष पहुंचे डेली कॉलेज।
प्रदेश संगठन मंत्री चंद्रशेखर भी रहे मौजूद।
जावरा कंपाउंड में कैलाश विजयवर्गीय और गौरव रणदिवे ने की मुलाकात।
BJP Leaders At RSS Meeting Indore: इंदौर में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की अखिल भारतीय कार्यकारी मंडल की बैठक के दौरान राजनीतिक गतिविधियां भी चर्चा का केंद्र बनी हुई हैं। संघ की इस महत्वपूर्ण बैठक में जहां देशभर से संगठन के पदाधिकारी जुटे हैं, वहीं बीजेपी के कई बड़े संगठनात्मक चेहरों की मौजूदगी ने सियासी चर्चाओं को हवा दे दी है।
राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष, मध्यप्रदेश बीजेपी के प्रदेश संगठन मंत्री चंद्रशेखर सहित संगठन से जुड़े कई नेताओं की मौजूदगी को अहम माना जा रहा है।
खासतौर पर डेली कॉलेज परिसर में बीजेपी के राष्ट्रीय संगठन मंत्री बीएल संतोष की मुलाकात और चर्चा को लेकर राजनीतिक गलियारों में कई तरह के कयास लगाए जा रहे हैं। दरअसल, संघ आने वाले दिनों में नशे की लत और बाहरी ताकतों से जुड़े विषयों को लेकर विभिन्न स्तरों पर अभियान चलाने की तैयारी में है। ऐसे में इन अभियानों में बीजेपी संगठन की क्या भूमिका होगी, इसको लेकर भी चर्चा है। खुद देश के गृह मंत्री अमित शाह नशे को लेकर लगातार सख्ती की बात कह रहे है वही दूसरी और इंदौर में संघ की बैठक में नशे को लेकर चिंता जाहिर की गयी है, ऐसे में आने वाले समय में इसे लेकर एक बड़े अभियान की तैयारी के तौर पर इसे देखा जा रहा है।
इंदौर शहर में संघ की बैठक के दौरान बीजेपी नेताओ की आवाजाही को गुप्त रखा गया था, खुद बीएल संतोष के इंदौर में होने का बीजेपी नेताओ को तब पता चला जब वो इंदौर के संभागीय बीजेपी कार्यालय जावरा कम्पाउंड पहुचे, यहां पर मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, प्रदेश महामंत्री गौरव रणदिवे सहित कई नेताओ ने उनसे मुलाकात की, हालाकि कई कार्यकर्ताओ को जब तक जानकारी लगी तब तक वे जा चुके थे, इस दौरान उनके साथ प्रदेश संगठन मंत्री चंद्रशेखर भी मौजूद थे।
इस पूरे घटनाक्रम में कांग्रेस सांसद शशि थरूर की कथित मुलाकात ने भी राजनीतिक हलकों का ध्यान खींचा है। कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि थरूर ने इंदौर प्रवास के दौरान संघ के एक बड़े पदाधिकारी से मुलाकात की थी।
दरअसल, शशि थरूर सोमवार को इंदौर आए थे। वे डेली कॉलेज बिजनेस स्कूल में कैंसर जागरूकता से जुड़े कार्यक्रम में शामिल हुए थे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद वे परिसर से बाहर निकल गए, लेकिन कुछ देर बाद दूसरे गेट से दोबारा अंदर पहुंचे। इसके बाद उनके उसी परिसर में जाने की चर्चा है, जहां संघ की अखिल भारतीय कार्यकारी मंडल की बैठक चल रही थी।