Police Colunteers Scuffle Indore: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को लेकर इंदौर में उत्साह और राजनीतिक हलचल दोनों देखने को मिल रही हैं। रीजनल पार्क के सामने स्थित आईडीए ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम शुरू होने से पहले ही हजारों छात्र और युवा पहुंच गए।
इस बीच मंच पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस और कार्यक्रम की व्यवस्था संभाल रहे वॉलंटियर्स के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति भी बन गई। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया।
कार्यक्रम शुरू होने से पहले मंच पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस और वॉलंटियर्स आमने-सामने आ गए। दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की भी हुई, जिसके बाद कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। कांग्रेस नेताओं ने इस घटना पर नाराजगी जताई। हालांकि पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने स्थिति को संभाल लिया और कार्यक्रम की तैयारियां जारी रहीं।
‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के लिए दोपहर 3:30 बजे से प्रवेश शुरू हुआ था, लेकिन उससे पहले ही बड़ी संख्या में युवा कार्यक्रम स्थल पहुंचने लगे थे। आयोजन स्थल पर बनाए गए डोम के अंदर 10 हजार से अधिक लोग पहुंच चुके हैं। छात्रों और युवाओं की लगातार बढ़ती भीड़ को देखते हुए सुरक्षा और व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। कार्यक्रम स्थल पर युवाओं में खासा उत्साह दिखाई दे रहा है।
राहुल गांधी के इंदौर पहुंचने के बाद शहर के कई मार्गों पर ट्रैफिक का दबाव बढ़ गया। एयरपोर्ट से रेडिसन होटल और कार्यक्रम स्थल की ओर जाने वाले मार्गों पर करीब पांच किलोमीटर लंबा जाम लगने की जानकारी सामने आई। ट्रैफिक की धीमी रफ्तार के कारण एक एम्बुलेंस भी कुछ समय तक प्रभावित रही, हालांकि बाद में उसे रास्ता मिल गया और वह आगे निकल गई।
राहुल गांधी शाम 5:30 बजे के बाद कार्यक्रम में छात्रों और युवाओं से संवाद करेंगे। चर्चा का केंद्र शिक्षा, रोजगार, प्रतियोगी परीक्षाएं और पेपर लीक जैसे मुद्दे रहेंगे। इंदौर में यह ‘छात्रों की गूंज’ का पहला आयोजन है, जबकि देशभर में यह पांचवां कार्यक्रम बताया जा रहा है। कांग्रेस का दावा है कि कार्यक्रम के लिए करीब दो लाख रजिस्ट्रेशन हुए हैं। कार्यक्रम को प्रशासन से 31 शर्तों के साथ अनुमति मिली है।