India West Indies T20 Traffic Plan Indore: इंदौर के होलकर स्टेडियम में 11 अक्टूबर को होने वाले मुकाबले के लिए ट्रेफिक प्लान जारी कर दिया गया है,मैच के पहले पासधारी वाहनों को ही स्टेडियम की ओर प्रवेश दिया जायेगा, वही दर्शकों के लिए तीन स्थानों पर सामान्य पार्किंग की व्यवस्था की गयी है।
बता दें कि, यह व्यवस्था 11 अक्टूबर को दोपहर 2 बजे से मैच समाप्त होने तक प्रभावी रहेगी। आम वाहन चालकों से अपील की गई है कि वे निर्धारित डायवर्टेड रूट का उपयोग करें और स्टेडियम के आसपास जाने से बचें।
इंदौर के होलकर स्टेडियम में 11 अक्टूबर 2026 को भारत और वेस्टइंडीज के बीच होने वाले टी-20 क्रिकेट मुकाबले को लेकर यातायात पुलिस ने ट्रैफिक प्लान जारी किया है। मैच के दौरान शहर में यातायात का दबाव और दर्शकों की भीड़ देखते हुए कई प्रमुख मार्गों पर ट्रैफिक डायवर्ट किया जाएगा।
स्टेडियम की ओर केवल पार्किंग पास वाले वाहनों को प्रवेश दिया जाएगा। विवेकानंद स्कूल और बास्केटबॉल कॉम्प्लेक्स में पार्किंग पास वाले वाहनों को घंटाघर की ओर से प्रवेश मिलेगा। वहीं, स्टेडियम के अंदर और बाहर, आईटीसी तथा अभय प्रशाल में पार्किंग पास वाले वाहनों को लेटर्न चौराहा और यशवंत क्लब रोड की ओर से प्रवेश दिया जाएगा। बिना पार्किंग पास वाले वाहनों के लिए बाल विनय मंदिर स्कूल, एसजीएसआईटीएस परिसर और पंचम की फेल स्थित मैदान में पार्किंग की व्यवस्था की गई है। यहां पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर उपलब्ध स्थान तक वाहन पार्क किए जा सकेंगे।
हुकुमचंद घंटाघर और पंचम की फेल की ओर से आने वाले दर्शकों को जंजीरवाला चौराहे से स्टेडियम की ओर प्रवेश मिलेगा। वहीं, लेटर्न की ओर से आने वाले दर्शक पैदल स्टेडियम तक पहुंच सकेंगे। दर्शकों की सुविधा के लिए सिटी बसें घंटाघर और इंदौर हाईकोर्ट चौराहे के आसपास यात्रियों को उतारेंगी। यहां से दर्शकों को स्टेडियम तक पैदल जाना होगा।
यातायात पुलिस के अनुसार, पासधारी और आपातकालीन वाहनों को छोड़कर अन्य वाहनों का प्रवेश कुछ मार्गों पर प्रतिबंधित रहेगा। इनमें प्रमुख रूप से शामिल हैं, लेटर्न चौराहे से जंजीरवाला चौराहे और इंडस्ट्रीज हाउस की ओर जाने वाला मार्ग, घंटाघर से जंजीरवाला चौराहे और लेटर्न चौराहे की ओर जाने वाला मार्ग और पलासिया और घंटाघर से हाईकोर्ट होते हुए लेटर्न चौराहे की ओर जाने वाला मार्ग, इन मार्गो पर वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा, मैच के दिन यातायात का दबाव बढ़ने पर इन मार्गों पर अतिरिक्त प्रतिबंध भी लगाए जा सकते हैं।
मैच के दौरान आम वाहन चालकों से पलासिया से घंटाघर, हाईकोर्ट और रीगल चौराहे वाले मार्ग, मालवा मिल से लेटर्न चौराहा और हाईकोर्ट मार्ग, गीताभवन से घंटाघर और मालवा मिल की ओर जाने वाले मार्ग तथा इंडस्ट्रीज हाउस से जंजीरवाला चौराहे की ओर जाने वाले मार्गों से बचने की अपील की गई है।
यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि स्टेडियम के आसपास वाहनों की पार्किंग के लिए जगह बेहद सीमित है। ऐसे में दर्शकों से सिटी बस और अन्य सार्वजनिक परिवहन साधनों का उपयोग करने की अपील की गई है। ट्रैफिक डायवर्जन की व्यवस्था यातायात के दबाव और दर्शकों की भीड़ के अनुसार जरूरत पड़ने पर बदली जा सकती है। पुलिस ने आम जनता से यातायात व्यवस्था में सहयोग करने, निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है, ताकि मैच के दौरान अनावश्यक जाम और असुविधा से बचा जा सके।