Indore Heavy Rain: बुधवार शाम से शुरू हुई झमाझम बारिश ने कुछ ही घंटों में इंदौर की रफ्तार थाम दी। देर रात तक लगातार हुई मूसलाधार बारिश के कारण शहर के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई। सड़कें तालाब में तब्दील हो गईं, गलियां नालों जैसी नजर आने लगीं और कई जगह वाहन पानी में फंस गए। वहीं बारिश के बाद सोशल मीडिया पर भी जलजमाव से जुड़े वीडियो और मीम्स तेजी से वायरल होने लगे।
तेज बारिश के चलते शहर के प्रमुख मार्गों, कॉलोनियों और निचले इलाकों में पानी भर गया। कई स्थानों पर कारें आधी पानी में डूबी नजर आईं, जबकि दोपहिया वाहन चालकों को पानी के बीच से निकलने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। कुछ जगहों पर बाइक सवारों को अपने वाहन धक्का लगाकर निकालने पड़े।
इंदौर में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच दो बड़े हादसे टल गए। स्कीम नंबर-71 में एक थार एसयूवी नाले में गिर गई, जिसे क्रेन की मदद से सुरक्षित बाहर निकाला गया। घटना के बाद विधायक मालिनी लक्ष्मणसिंह गौड़ ने नगर निगम आयुक्त से फोन पर चर्चा कर नाले को तत्काल सुरक्षित ढंकने और क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था बहाल करने के निर्देश दिए, जिसके बाद निगम अधिकारी मौके पर पहुंचे।
वहीं महू के आंबा चंदन क्षेत्र में उफनते नाले की रपट पार करने के प्रयास में एक कार तेज बहाव में बह गई। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने तुरंत ट्रैक्टर और रस्सी की मदद से कार को रोका और कड़ी मशक्कत के बाद चालक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
बारिश के बाद सोशल मीडिया पर इंदौर के जलभराव के वीडियो की बाढ़ आ गई। कई यूजर्स ने शहर की बदहाल व्यवस्था पर व्यंग्य करते हुए मीम्स और पोस्ट साझा किए। किसी ने इंदौर को मिनी वेनिस बताया तो किसी ने लिखा, स्वच्छता में नंबर-वन, अब जलभराव में भी अव्वल बनने की तैयारी! वहीं एक अन्य पोस्ट में तंज कसते हुए लिखा गया कि सड़कों पर गड्ढे नहीं, गड्ढों में सड़कें ढूंढनी पड़ रही हैं।
बारिश ने मौसम को सुहाना जरूर बना दिया, लेकिन कुछ घंटों की बारिश में ही कई इलाकों में हुए जलभराव ने इंदौर नगर निगम की मानसून तैयारियों पर सवाल खड़े कर दिए। हर साल की तरह इस बार भी जल निकासी व्यवस्था की पोल खुलती नजर आई।
यह भी पढें:
मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में भी बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना जताई है। ऐसे में इंदौर प्रशासन के सामने सबसे बड़ी चुनौती जल निकासी व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने और जलभराव की समस्या से लोगों को राहत दिलाने की होगी।