इंदौर में सड़क के बीच बोरिंग पर मचा बवाल, तस्वीरें वायरल होने के बाद पार्षद ने बताई असली वजह

Indore Viral News : इंदौर के गिरधर नगर में सड़क के बीच कराई गई बोरिंग की तस्वीरें वायरल हुईं। पार्षद राजीव जैन ने बताया कि पानी की समस्या और गैस पाइपलाइन-सीवरेज लाइन के कारण यह फैसला लिया गया।
Indore Road Borewell Viral Photo
सड़क के बीच बोरिंग (फोटो सोर्स- नवभारत)
Updated on

Indore Road Borewell Viral Photo : इंदौर शहर के गिरधर नगर क्षेत्र में सड़क के बीचों-बीच कराई गई बोरिंग इन दिनों चर्चा का विषय बनी हुई है। बोरिंग की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद लोगों ने सवाल उठाए कि आखिर सड़क के बीच में बोरिंग क्यों कराई गई? हालांकि, स्थानीय पार्षद राजीव जैन ने इस फैसले के पीछे क्षेत्र की पानी की समस्या को वजह बताया है।

गिरधर नगर क्षेत्र में लंबे समय से पेयजल संकट की समस्या बनी हुई थी। स्थानीय लोगों के मुताबिक, पानी की परेशानी को दूर करने के लिए बोरिंग कराने का निर्णय लिया गया। सोशल मीडिया पर तस्वीरें सामने आने के बाद लोग अलग-अलग प्रतिक्रियाएं देने लगे।

गैस पाइपलाइन और सीवरेज लाइन बनी वजह

वार्ड 50 के पार्षद राजीव जैन ने बताया कि सड़क के दोनों ओर गैस पाइपलाइन और सीवरेज लाइन मौजूद है। ऐसे में बोरिंग के लिए सुरक्षित जगह उपलब्ध नहीं थी। तकनीकी स्थिति को देखते हुए सड़क के बीच में बोरिंग कराई गई। उन्होंने कहा कि यह निर्णय स्थानीय रहवासियों की सहमति से लिया गया है। जल्द ही बोरिंग के चारों ओर चैंबर बनाकर इसे सड़क के लेवल में व्यवस्थित कर दिया जाएगा, जिससे वाहन चालकों और राहगीरों को किसी तरह की परेशानी न हो।

रहवासियों ने किया फैसले का समर्थन

वहीं, स्थानीय रहवासियों ने भी पार्षद के फैसले का समर्थन किया है। उनका कहना है कि क्षेत्र में पानी की समस्या काफी समय से बनी हुई थी और बोरिंग के लिए अन्य विकल्प उपलब्ध नहीं था। रहवासियों के अनुसार, फिलहाल बोरिंग से किसी तरह की परेशानी नहीं हो रही है। चैंबर बनने के बाद यह सड़क के साथ समतल हो जाएगा और आवागमन भी सामान्य रहेगा।

लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी बोरिंग

फिलहाल सड़क के बीच बोरिंग का यह मामला सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। अब लोगों की नजर इस बात पर है कि चैंबर बनने के बाद व्यवस्था कितनी बेहतर हो पाती है।

Navbharat Live
navbharatlive.com