इंदौर स्थित खाद्य विभाग की प्रयोगशाला  (फोटो सोर्स - सोशल मीडिया)
इंदौर

इंदौर के खानपान की पहचान को मिलेगी खाद्य सुरक्षा की नई ताकत, अब शहर में ही होगी खाने-पीने की चीजों की जांच

Indore Food Safety Lab: खाद्य पदार्थो के नमूनों की जांच के लिए भोपाल पर निर्भरता अब कम होने वाली है, इंदौर की प्रयोगशाला को FSSAI की मंजूरी मिलने के बाद अब कार्रवाई में तेजी आने की उम्मीद है।

अंशुल मुकाती, सजल रघुवंशी

HIGHLIGHTS:

  • इंदौर की संभागीय खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला को एफएसएसएआई की मंजूरी।

  • अब शहर में ही हो सकेगी खाद्य पदार्थों की जांच।

  • दूध, मसाले, तेल, अनाज, पेय पदार्थ और दुग्ध उत्पादों में मिलावट की होगी जांच।

  • 5 नवंबर 2026 को एफएसएसएआई से मिली स्वीकृति, भारत के राजपत्र में भी प्रकाशित हुई अधिसूचना।

FSSAI Approves Indore Food Lab: इंदौर शहर सिर्फ स्वच्छता ही नहीं, बल्कि अपने खानपान के लिए भी देशभर में पहचान रखता है। यहां की 56 दुकान हो या सराफा बाजार, पोहा-जलेबी हो या शहर की मशहूर चाट और स्ट्रीट फूड, स्वाद के शौकीनों की कमी नहीं है। शहर के खानपान की यह पहचान जितनी खास है, उतनी ही जरूरी खाद्य पदार्थों की शुद्धता और गुणवत्ता भी है।

आखिर लोगों की थाली तक पहुंचने वाला खाना कितना सुरक्षित है और उसमें किसी तरह की मिलावट तो नहीं है, इसकी जांच अब इंदौर में ही पहले से अधिक व्यवस्थित तरीके से हो सकेगी।

इंदौर की लैब को FSSAI की मंजूरी

खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और मिलावट की जांच को लेकर इंदौर को बड़ी सुविधा मिली है। शहर की संभागीय खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला को पहले NABL से मान्यता मिली और अब भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण ने भी इसे खाद्य पदार्थों के परीक्षण के लिए अधिसूचित कर दिया है। 5 नवंबर 2026 को इसकी स्वीकृति दी गई। भारत के राजपत्र में भी इसकी अधिसूचना प्रकाशित हो चुकी है।

इसका मतलब है कि अब खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा लिए जाने वाले नमूनों की जांच निर्धारित प्रक्रिया के तहत इंदौर की इस प्रयोगशाला में भी हो सकेगी। इससे खाद्य पदार्थों की जांच के लिए भोपाल स्थित राज्य स्तरीय प्रयोगशाला पर निर्भरता कम होगी।

दूध, मसाले से लेकर तेल और अनाज तक की होगी जांच

प्रयोगशाला में कई तरह के आधुनिक उपकरण लगाए गए हैं। यहां दूध और दुग्ध उत्पाद, नमक, मसाले, अनाज, खाद्य पदार्थ, पेय पदार्थ, तेल और वसा के साथ चाय, कॉफी एवं चिकोरी जैसी खाद्य श्रेणियों के नमूनों की जांच की जा सकेगी। इसके लिए एएएस, माइक्रोवेव डाइजेस्टर, फैट एनालाइजर, प्रोटीन एनालाइजर, डिजिटल ब्यूटिरो रिफ्रैक्टोमीटर और अन्य आधुनिक उपकरण उपलब्ध हैं। इनके जरिए खाद्य पदार्थों के अलग-अलग घटकों और गुणवत्ता की जांच की जाएगी।

भोपाल के चक्कर कम, जांच में आएगी तेजी

अब तक खाद्य सुरक्षा अधिकारियों द्वारा लिए गए नमूनों की जांच की मुख्य जिम्मेदारी भोपाल की राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला के पास थी। प्रदेश में यह एकमात्र राज्य स्तरीय प्रयोगशाला थी। ऐसे में इंदौर की लैब को एफएसएसएआई की अधिसूचना मिलने से खाद्य परीक्षण व्यवस्था का विस्तार होगा।

इंदौर से लिए गए नमूनों की जल्द होगी जांच

इंदौर संभाग और आसपास के जिलों से लिए गए नमूनों को जांच के लिए दूर भेजने की जरूरत कम होगी। इससे नमूनों की जांच की प्रक्रिया आसान होने और समयबद्ध रिपोर्ट मिलने में मदद मिल सकती है। रिपोर्ट के आधार पर खाद्य सुरक्षा अधिकारी नियमों के मुताबिक आगे की कार्रवाई कर सकेंगे।

2025 में हुआ था लोकार्पण, अब मिली दोनों महत्वपूर्ण मान्यताएं

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 27 अक्टूबर 2025 को इंदौर की संभागीय खाद्य एवं औषधि प्रयोगशाला का लोकार्पण किया था। इसके बाद प्रयोगशाला को तकनीकी मान्यता दिलाने की प्रक्रिया शुरू हुई। 14 और 15 फरवरी 2026 को एनएबीएल की टीम ने ऑडिट किया। इसके बाद 12 जून 2026 को प्रयोगशाला को एनएबीएल मान्यता मिली, जो 11 जून 2028 तक वैध है। वहीं, 3 सितंबर 2026 को एफएसएसएआई की अधिसूचना के लिए ऑडिट हुआ और 5 नवंबर को स्वीकृति मिल गई।

स्वाद के साथ शुद्धता की पहचान भी बने इंदौर

इंदौर शहर में खानपान के कारोबार की एक अलग पहचान है यहां तक की यह इंदौरवासियों की रोजमर्रा की जिंदगी का अहम हिस्सा है। ऐसे में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच के लिए स्थानीय स्तर पर सक्षम प्रयोगशाला होना आम लोगों के हित में महत्वपूर्ण कदम है। हालांकि इस सुविधा का वास्तविक लाभ इस बात पर निर्भर करेगा कि खाद्य सुरक्षा विभाग कितनी नियमितता से नमूने लेकर जांच कराता है और मिलावट मिलने पर कितनी प्रभावी कार्रवाई होती है।

भारत समिट विवाद: सुप्रीम कोर्ट में याचिका, विदेशी नेता के वोट चोर, गद्दी छोड़ नारे की SIT जांच की मांग

कोलकाता में आज से सागर सुरक्षा 2026 का आगाज, तटीय सुरक्षा मजबूत करने के लिए जुटेंगे देशभर के वरिष्ठ अधिकारी

रिंकू सिंह ने प्रिया सरोज को प्यार के जाल में कैसे फंसाया? कैसे शुरू हुई दोनों की लव स्टोरी

लाठियों से नहीं टूटा हौसला, देश के लिए दे दी जान; जानिए पंजाब केसरी लाला लाजपत राय की शौर्यगाथा

बालासाहेब ठाकरे की पुण्यतिथि पर नेताओं ने दी श्रद्धांजलि, शिवराज सिंह चौहान से योगी आदित्यनाथ तक ने किया याद