Collector Jan Sunwai Jitendra Help : कलेक्टर कार्यालय की जनसुनवाई में मंगलवार को एक अनोखा और भावुक करने वाला मामला सामने आया। आमतौर पर जनसुनवाई में अपनी समस्याएं लेकर पहुंचने वाले लोग मदद मिलने के बाद अधिकारियों का आभार जताने फूल या मिठाई लेकर पहुंचते हैं, लेकिन इस बार एक युवक कलेक्टर के लिए केले लेकर पहुंचा। यह युवक जितेंद्र है, जो किडनी की बीमारी से जूझ रहा है और हर महीने डायलिसिस करवाता है। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण उसके लिए नियमित उपचार का खर्च उठाना मुश्किल हो रहा था।
करीब एक महीने पहले जितेंद्र आर्थिक सहायता की मांग लेकर कलेक्टर की जनसुनवाई में पहुंचा था। उसने बताया था कि बीमारी के कारण उसे नियमित रूप से डायलिसिस करवाना पड़ता है, लेकिन आर्थिक तंगी के चलते उपचार जारी रखना मुश्किल हो रहा है। जितेंद्र ने इलाज के लिए मदद के साथ ही ऐसा कोई काम शुरू करने में सहायता मांगी थी, जिससे वह अपने परिवार का खर्च खुद उठा सके और दूसरों पर निर्भर न रहना पड़े।
जितेंद्र की परेशानी सुनने के बाद कलेक्टर शिवम वर्मा ने उसके डायलिसिस के लिए आर्थिक मदद उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इतना ही नहीं, उसकी आर्थिक स्थिति को देखते हुए उसे आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में भी मदद की गई। जितेंद्र को फल-फ्रूट का ठेला लगाने के लिए सहायता मिली। इसके बाद उसने फल बेचने का काम शुरू कर दिया और अब इसी छोटे व्यवसाय से अपने परिवार का जीवन-यापन कर रहा है।
इलाज की चिंता के बीच रोजगार मिलने से जितेंद्र के जीवन में बड़ा बदलाव आया है। अब वह नियमित रूप से फल-फ्रूट बेचता है और अपनी जरूरतों के साथ परिवार की जिम्मेदारियां भी निभा रहा है। उसके लिए यह मदद सिर्फ आर्थिक सहायता तक सीमित नहीं रही, बल्कि सम्मान के साथ आत्मनिर्भर होकर जीवन जीने का जरिया भी बनी। इसी बदलाव और सहयोग के लिए जितेंद्र मंगलवार को जनसुनवाई में कलेक्टर से मिलने पहुंचा।
जितेंद्र अपने साथ केले लेकर कलेक्टर कार्यालय पहुंचा और कलेक्टर शिवम वर्मा के प्रति आभार व्यक्त किया। उसका कहना था कि जिस समय उसके सामने इलाज और परिवार चलाने दोनों की परेशानी खड़ी थी, उस समय प्रशासन की मदद से उसे सहारा मिला। अब वह मेहनत कर अपने पैरों पर खड़ा होने की कोशिश कर रहा है। केले लेकर आभार जताने पहुंचे जितेंद्र की यह पहल जनसुनवाई में मौजूद लोगों के बीच भी चर्चा का विषय रही।
ये भी पढ़ें : खंडवा: तीन पुलिया में तेज बहाव के बीच फंसा दंपती, यातायात पुलिस जवान ने जोखिम में डालकर बचाई जान- देखें VIDEO
कलेक्टर शिवम वर्मा ने जितेंद्र के उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री के स्पष्ट निर्देश हैं कि हर जरूरतमंद व्यक्ति की मदद की जाए। इसी के तहत जितेंद्र की समस्या को गंभीरता से लेते हुए उसके उपचार के साथ उसे आत्मनिर्भर बनाने के लिए भी सहायता दी गई। उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य जरूरतमंद लोगों को तत्काल राहत देने के साथ उन्हें अपने पैरों पर खड़ा होने के अवसर उपलब्ध कराना भी है। जितेंद्र की कहानी इसी प्रयास की एक मिसाल बनकर सामने आई है।