Annapurna Temple Trust Encroachment : इंदौर के अन्नपूर्णा थाना क्षेत्र में बुधवार को अन्नपूर्णा मंदिर ट्रस्ट की जमीन से अवैध कब्जे हटाने की कार्रवाई की गई। जिला प्रशासन, नगर निगम और पुलिस की संयुक्त मौजूदगी में चिह्नित निर्माणों को हटाया गया। कार्रवाई के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा।
नगर निगम की टीम पुलिस बल के साथ अन्नपूर्णा मंदिर ट्रस्ट की जमीन पर पहुंची। इसके बाद चिह्नित किए गए निर्माणों को हटाने की कार्रवाई शुरू की गई। प्रशासन के मुताबिक ट्रस्ट की जमीन पर लंबे समय से कब्जे किए गए थे। कार्रवाई के दौरान 10 से ज्यादा मकानों के हिस्से हटाए गए।
एसडीएम लोकेंद्र सिंह सरल के मुताबिक संबंधित जमीन अन्नपूर्णा मंदिर ट्रस्ट की है और यहां किए गए अवैध कब्जों को हटाने के लिए इंदौर नगर निगम की टीम कार्रवाई कर रही है। प्रशासन के अनुसार कार्रवाई पूरी होने के बाद जमीन को मंदिर ट्रस्ट के कब्जे में सौंपने की प्रक्रिया की जाएगी।
इन कब्जों को हटाने की कार्रवाई पहले भी शुरू की गई थी, लेकिन मौके पर विरोध बढ़ने के बाद प्रशासन को कार्रवाई रोकनी पड़ी थी। उस दौरान एक युवक द्वारा ब्लेड से अपने गले पर चोट पहुंचाने की घटना भी सामने आई थी। स्थिति को देखते हुए उस समय कार्रवाई रोक दी गई थी।
इस बार कार्रवाई से पहले प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया। जानकारी के मुताबिक विरोध की आशंका को देखते हुए 6 लोगों को पहले ही हिरासत में लेकर थाने पर बैठाया गया। इसके बाद पुलिस की मौजूदगी में नगर निगम की टीम ने चिह्नित अवैध निर्माणों को हटाना शुरू किया।
इंदौर जिला प्रशासन के मुताबिक कार्रवाई का उद्देश्य अन्नपूर्णा मंदिर ट्रस्ट की जमीन को अवैध कब्जों से मुक्त कराना है। निर्माण हटाए जाने के बाद जमीन को मंदिर ट्रस्ट के कब्जे में सौंपने की प्रक्रिया की जाएगी। कार्रवाई के दौरान प्रशासन और पुलिस की टीमें मौके पर मौजूद रहीं और स्थिति पर नजर रखी गई।