आईबीएसएफ वर्ल्ड स्नूकर चैंपियनशिप 2026 का सीएम मोहन यादव ने किया शुभारंभ।
सीएम मोहन यादव ने अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी के साथ बिलियर्ड्स खेलकर लगाया शॉट।
विश्व चैंपियनशिप में 32 देशों के पुरुष और महिला खिलाड़ी ले रहे हिस्सा।
World Snooker Championship Indore: इंदौर में पहली बार आईबीएसएफ वर्ल्ड स्नूकर चैंपियनशिप 2026 का भव्य आगाज हुआ। रेसकोर्स रोड स्थित ऐतिहासिक यशवंत क्लब में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने अंतरराष्ट्रीय स्नूकर खिलाड़ी पंकज आडवाणी और गीत सेठी के साथ बिलियर्ड्स टेबल पर स्टीक थामी और शॉट लगाकर खेल में हाथ आजमाया।
विश्व स्तरीय प्रतियोगिता के उद्घाटन समारोह में मुख्यमंत्री ने प्रदेश में खेल सुविधाओं के विस्तार को लेकर बड़ा ऐलान भी किया। उन्होंने कहा कि इंदौर सहित पूरे मध्यप्रदेश में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए पर्याप्त जमीन उपलब्ध कराई जाएगी।
उद्घाटन समारोह के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का अलग अंदाज देखने को मिला। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्नूकर खिलाड़ी पंकज आडवाणी और दिग्गज खिलाड़ी गीत सेठी के साथ बिलियर्ड्स टेबल पर पहुंचकर स्टीक से शॉट लगाया। मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों से मुलाकात भी की। इस दौरान खेल जगत की कई हस्तियां और आयोजन से जुड़े पदाधिकारी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री की इस पहल ने आयोजन के उत्साह को और बढ़ा दिया।
भारतीय बिलियर्ड्स एवं स्नूकर फेडरेशन के शताब्दी वर्ष के अवसर पर इंदौर में इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। इसमें 32 देशों के पुरुष और महिला खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। 12 से 21 नवंबर तक चलने वाली इस चैंपियनशिप में अमेरिकी डॉलर की इनामी राशि दांव पर है। 17 नवंबर से मुख्य ड्रॉ और नॉकआउट मुकाबलों का रोमांच शुरू होगा। इसके बाद खिलाड़ियों के बीच विश्व खिताब के लिए कड़ा मुकाबला देखने को मिलेगा।
विश्व चैंपियनशिप में भारत की ओर से पंकज आडवाणी, आदित्य मेहता और केतन चावला जैसे दिग्गज खिलाड़ी अपनी चुनौती पेश कर रहे हैं। भारतीय खिलाड़ियों से घरेलू मैदान पर बेहतर प्रदर्शन और पदक जीतने की उम्मीद है। अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों की मौजूदगी से इंदौर के खेल प्रेमियों को विश्व स्तरीय मुकाबले देखने का मौका मिलेगा।
इंदौर शहर की अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी अमी कमानी ने शहर में विश्व चैंपियनशिप के आयोजन को गौरव का क्षण बताया। उन्होंने कहा कि इस तरह के अंतरराष्ट्रीय आयोजन से स्थानीय खिलाड़ियों को प्रेरणा मिलेगी और उन्हें अपनी प्रतिभा को निखारने का अवसर मिलेगा। उन्होंने युवा लड़कियों से भी स्नूकर जैसे खेलों में आगे आने और अपनी पहचान बनाने की अपील की।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अपने संबोधन में कहा कि प्रदेश में खेल गतिविधियों का विस्तार सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। इसके लिए इंदौर सहित पूरे मध्यप्रदेश में पर्याप्त जमीन उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि खेल सुविधाओं का विकास हो सके और नई प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिले। बिलियर्ड्स और स्नूकर जैसे खेलों को भी प्रोत्साहन देने की दिशा में यह घोषणा महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
मध्यप्रदेश में स्नूकर का सफर जबलपुर से शुरू हुआ और अब इंदौर अंतरराष्ट्रीय आयोजन की मेजबानी कर रहा है। आईबीएसएफ वर्ल्ड चैंपियनशिप के आयोजन से शहर को वैश्विक खेल पहचान मिलने की उम्मीद है। 21 नवंबर तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में अब सबकी निगाहें भारतीय खिलाड़ियों पर टिकी हैं।