ग्वालियर के ग्राम कुलेथ में पशुपालक सम्मेलन के दौरान घोड़ी की मौत।
सम्मेलन में आयोजित घोड़ा दौड़ के दौरान अचानक हुई घटना।
घोड़ी की मौत का लाइव वीडियो आया सामने।
पशुपालन को बढ़ावा देने वाले कार्यक्रम में पशु सुरक्षा पर उठे सवाल।
Pashupalak Sammelan Gwalior Horse Dead: ग्वालियर के ग्राम कुलेथ में आयोजित पशुपालक सम्मेलन के दौरान एक घोड़ी की मौत सम्मेलन के दौरान बैलगाड़ी और घोड़ा दौड़ का आयोजन किया गया था। इसी दौड़ में शामिल एक घोड़ी की अचानक मौत हो गई। घटना का लाइव वीडियो भी सामने आया है। जिस कार्यक्रम में पशुपालन और पशुधन संवर्धन को बढ़ावा देने की बात हो रही थी उसी कार्यक्रम में घोड़ी की मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
दरअसल ग्वालियर के ग्राम कुलेथ में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव पशुपालक सम्मेलन में शामिल होने पहुंचे थे। इस दौरान मंच पर ग्वालियर सांसद भारत सिंह कुशवाह कैबिनेट मंत्री नारायण सिंह कुशवाह और पूर्व मंत्री इमरती देवी सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के कार्यक्रम में पहुंचने से पहले बैलगाड़ी दौड़ और घोड़ा दौड़ का आयोजन किया गया था। इसी दौरान दौड़ में शामिल एक घोड़ी की अचानक मौत हो गई। घटना का वीडियो सामने आने के बाद कार्यक्रम की व्यवस्थाओं और पशुओं की सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
वहीं, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सम्मेलन को संबोधित करते हुए किसानों और पशुपालकों को पशुपालन के जरिए आय बढ़ाने के उपाय बताए। उन्होंने दूध उत्पादन बढ़ाने, पशुओं की बेहतर देखभाल और दुग्ध व्यवसाय को प्रोत्साहित करने पर जोर दिया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री जनकल्याण संबल योजना और सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के हितग्राहियों के खातों में सिंगल क्लिक के माध्यम से राशि अंतरित की।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने ग्राम कुलेथ में पशुपतिनाथ मंदिर के निर्माण एवं विकास के लिए 51 लाख रुपये देने की घोषणा की। इसके साथ ही गांव की छोटी सड़क के चौड़ीकरण के लिए भी सहायता राशि देने की घोषणा की।
एक तरफ मुख्यमंत्री पशुपालन को किसानों की आय बढ़ाने का माध्यम बता रहे थे तो दूसरी तरफ इसी सम्मेलन में आयोजित घोड़ा दौड़ के दौरान घोड़ी की मौत का मामला सामने आ गया। अब देखना होगा कि इस घटना को लेकर प्रशासन क्या कदम उठाता है और पशुओं की सुरक्षा के लिए क्या व्यवस्था की जाती है।