ग्वालियर में युवक की गोली मारकर हत्या फोटो सोर्स- नवभारत
ग्वालियर

ग्वालियर में आधी रात गैंगवार: बाइक से खींचकर युवक को गोलियों से भूना, भोला सिकरवार हत्याकांड से जुड़ा कनेक्शन

Gwalior Crime News : ग्वालियर में आधी रात छोटू राजावत की गोली मारकर हत्या कर दी गई। तीन बाइकों से आए 8-9 बदमाशों ने उसे घेरकर फायरिंग की। हत्या को भोला सिकरवार हत्याकांड से जोड़ा जा रहा है।

निशांत तिवारी, प्रीतेश जैन

Gwalior Chotu Rajawat Murder : ग्वालियर में मंगलवार आधी रात गैंगवार के चलते एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात गोला का मंदिर थाना क्षेत्र में LNIPE के सामने रेसकोर्स रोड पर हुई। मृतक की पहचान बिरला नगर लाइन नंबर-2 निवासी छोटू राजावत के रूप में हुई है। वह पेशे से ड्राइवर था और अपने दोस्त नितेश परमार के साथ बाइक से एक पार्टी से घर लौट रहा था।

बताया जा रहा है कि छोटू और नितेश बाइक से जा रहे थे, तभी तीन बाइकों पर सवार 8 से 9 हथियारबंद बदमाशों ने उन्हें घेर लिया। बदमाशों ने छोटू को चलती बाइक से खींचकर सड़क पर उतार लिया। इसके बाद उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगने से छोटू की मौके पर ही मौत हो गई। फायरिंग होते देख नितेश बाइक लेकर वहां से भाग निकला।

चश्मदीद ने पुलिस को बताई पूरी वारदात

घटना की सूचना मिलते ही ग्वालियर पुलिस मौके पर पहुंची। कुछ देर बाद मृतक का दोस्त और घटना का चश्मदीद नितेश भी पुलिस के सामने पहुंचा। उसने पुलिस को वारदात का पूरा घटनाक्रम बताया। नितेश के मुताबिक, उसने हमलावरों में से कुछ को पहचान लिया है। पुलिस को बताए गए नामों में राजवीर चौहान, रानू सिकरवार, हेमू सिकरवार, दिन्नू सिकरवार और अजित तोमर समेत अन्य लोग शामिल हैं।

भोला सिकरवार हत्याकांड से जुड़ा शक

छोटू राजावत की हत्या को गैंगस्टर भोला सिकरवार हत्याकांड से जोड़कर देखा जा रहा है। पुलिस जांच में सामने आया है कि बदमाशों को छोटू पर भोला सिकरवार की हत्या में मुखबिरी करने का संदेह था। हालांकि, बताया गया है कि पुलिस की जांच में छोटू को इस मामले में क्लीन चिट मिल चुकी थी। इसके बावजूद मुखबिरी के शक को उसकी हत्या की वजह माना जा रहा है। पुलिस अब इस कनेक्शन की भी जांच कर रही है।

वारदात के बाद फरार हुए आरोपी

हत्या के बाद सभी आरोपी बाइक से मौके से फरार हो गए। पुलिस ने इलाके में आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। जिन संदिग्धों के नाम सामने आए हैं, उनकी भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि हत्या के पीछे की वास्तविक वजह और वारदात में शामिल सभी लोगों की भूमिका जांच के बाद स्पष्ट होगी।

पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव

पुलिस ने छोटू राजावत के शव को निगरानी में लेकर पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया है। मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाल रही है। वहीं, आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।

गैंगवार के बाद पुलिस की कार्रवाई तेज

आधी रात हुई इस हत्या के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लेकर जांच आगे बढ़ाई है। अब पुलिस के सामने आरोपियों को पकड़ने के साथ हत्या की पूरी साजिश और भोला सिकरवार हत्याकांड से इसके संबंध की पुष्टि करने की चुनौती है।

बगैर पर्ची के दवा लेना जोखिम भरा, ड्रग्स कंट्रोलर ने चेतावनी जारी की; हो सकता है किडनी फेल

India CELAC Meeting: ग्लोबल साउथ के विकास में भारत की बड़ी भूमिका, विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने बताई आर्थिक ताकत

Bank Strike: 28 सितंबर से देशभर में 3 दिन की बैंक हड़ताल, पहले निपटा लें ये काम; सरकार ने बुलाई अहम बैठक

वैश्विक संकटों के बीच भारत का एजेंडा तय, सुधार और आतंकवाद पर रहेगा फोकस; UNGA में 26 सितंबर को संबोधन

IMD Rain Alert: बंगाल की खाड़ी में डीप डिप्रेशन, ओडिशा-आंध्र समेत कई राज्यों में भारी बारिश का रेड अलर्ट