ग्वालियर में ट्रैफिक पुलिस से बचकर भागा बाइक सवार, सोशल मीडिया पर डाला वीडियो, कटा 11 हजार का चालान

Gwalior Police Action : ग्वालियर में मॉडिफाइड साइलेंसर लगी बुलेट से पुलिस को चकमा देकर भागने वाले वाहन चालक पर ट्रैफिक पुलिस ने 11 हजार रुपए का चालान किया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ।
Gwalior traffic police taking action against a Bullet rider
पुलिस की मुहिम का मजाक उड़ाने वाले युवक का पुलिस ने काटा चालानफोटो सोर्स- सोशल मीडिया
Published on
Updated on

Gwalior Traffic Police Challan : ग्वालियर में ट्रैफिक पुलिस ने मॉडिफाइड साइलेंसर लगी बुलेट चलाने वाले एक युवक पर 11 हजार रुपए का चालान किया है। कुम्हरपुरा निवासी दिनेश आदिवासी को यातायात पुलिस ने कार्रवाई के दौरान रोका था। आरोप है कि पुलिस के रोकने के बाद वह मौके से बचकर भाग निकला।

पुलिस के मुताबिक, वाहन चालक ने मौके से भागने के दौरान बाइक से स्टंटबाजी करते हुए वीडियो बनाया और उसे सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया। वीडियो में वह यातायात पुलिस की कार्रवाई से बचकर निकलता नजर आया। वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालक की तलाश शुरू की।

दोबारा पकड़ में आया वाहन चालक

इसके बाद यातायात पुलिस ने दिनेश आदिवासी को दोबारा पकड़ लिया। पुलिस ने उसकी बुलेट की जांच की, जिसमें मॉडिफाइड साइलेंसर लगा हुआ था। इसके बाद यातायात पुलिस ने वाहन के खिलाफ करीब 11 हजार रुपए के चालान की कार्रवाई की।

चालान के बाद फिर सोशल मीडिया पर वीडियो

इस मामले में एक और बात सामने आई। चालान कटने के बाद दिनेश ने दोबारा सोशल मीडिया पर वीडियो अपलोड किया, जिसमें वह 11 हजार रुपए के चालान की बात कह रहा है। पुलिस की कार्रवाई और उसके बाद सामने आए वीडियो को लेकर सोशल मीडिया पर भी चर्चा हो रही है।

ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई जारी रहेगी

डीएसपी हेडक्वार्टर रॉबिन जैन ने बताया कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर घूम रहे युवक को पुलिस ने रोका था, लेकिन वह पुलिस को चकमा देकर भाग निकला। बाद में उसे दोबारा पकड़ा गया और उसके वाहन के खिलाफ करीब 11 हजार रुपए के चालान की कार्रवाई की गई।

Gwalior traffic police taking action against a Bullet rider
बुंदेलखंड के दो ‘परचा बाबाओं’ पर दामोदर यादव का बड़ा बयान, बोले- ‘सुधर जाएं तो अच्छा है’

ट्रैफिक पुलिस का अभियान लगातार जारी

रॉबिन जैन ने कहा कि यातायात नियमों का पालन कराने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। ग्वालियर पुलिस का फोकस नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों और वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई करने पर है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com