Jitu Patwari Statement : दतिया विधानसभा उपचुनाव के प्रचार के अंतिम चरण में कांग्रेस ने चुनावी अभियान तेज कर दिया है। मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने दतिया के विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों में जनसंपर्क कर कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह के समर्थन में नुक्कड़ सभाओं को संबोधित किया। उन्होंने मतदाताओं से कांग्रेस के पक्ष में मतदान करने की अपील की।
सभा को संबोधित करते हुए जीतू पटवारी ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि दतिया की जनता ने इस बार भाजपा को सबक सिखाने का मन बना लिया है। जनता के बढ़ते समर्थन से भाजपा घबराई हुई है और इसी कारण सरकार के 25 मंत्री दतिया में डेरा डाले हुए हैं।
जीतू पटवारी ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार विकास के बजाय सरकारी संसाधनों का उपयोग चुनाव को प्रभावित करने में कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार विकास के नाम पर जनता को गुमराह कर रही है और चुनाव में सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग किया जा रहा है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने दावा किया कि चुनाव में सरकारी धन का दुरुपयोग हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि करीब 50 करोड़ रुपये चुनाव में खर्च किए जा रहे हैं और ₹5000 प्रति वोट तक की बोली लगाई जा रही है। पटवारी के आरोपोंं पर भाजपा की अब तक कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।
जीतू पटवारी ने कहा कि कांग्रेस पारदर्शिता, विकास और लोकतांत्रिक मूल्यों की राजनीति में विश्वास रखती है। उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि वे कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह को भारी मतों से विजयी बनाकर दतिया के विकास और लोकतंत्र को मजबूत करें।
ये भी पढ़ें : MBBS इंटर्नस की मांगो को लेकर उमंग सिंघार ने CM मोहन यादव को लिखा पत्र; शीघ्र निर्णय लेने का किया आग्रह
नुक्कड़ सभाओं के दौरान कांग्रेस के स्थानीय पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। कार्यकर्ताओं ने जीतू पटवारी का स्वागत करते हुए कांग्रेस के समर्थन में नारेबाजी की। मतदान से पहले कांग्रेस गांव-गांव पहुंचकर मतदाताओं को अपने पक्ष में लामबंद करने की कोशिश कर रही है।
https://youtu.be/PyheCfzCiaw?si=np6nzby3yrVmI_av