पीड़ित परिजन (फोटो सोर्स- नवभारत) 
दमोह

दमोह में समय पर नहीं मिली 108 एंबुलेंस, रास्ते में हुई महिला की डिलीवरी, जन्म के 5 मिनट बाद नवजात की मौत

Damoh News : दमोह के हटा ब्लॉक में 108 एंबुलेंस समय पर नहीं मिलने का आरोप है। निजी वाहन में रास्ते में प्रसव हुआ और जन्म के 5 मिनट बाद नवजात की मौत हो गई। परिजनों ने जांच कर कार्रवाई की मांग की है।

प्रीतेश जैन

Damoh 108 Ambulance Delivery Case : दमोह जिले में एक बार फिर 108 एंबुलेंस सेवा और स्वास्थ्य व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। हटा ब्लॉक के पिपरिया मिश्र गांव की गर्भवती महिला को समय पर एंबुलेंस नहीं मिलने का आरोप लगा है। परिजनों का कहना है कि निजी वाहन से अस्पताल ले जाते समय महिला की रास्ते में ही डिलीवरी हो गई और जन्म के महज पांच मिनट बाद नवजात शिशु की मौत हो गई।

परिजनों के अनुसार पिपरिया मिश्र गांव निवासी 22 वर्षीय रोशनी लोधी को सोमवार रात से प्रसव पीड़ा शुरू हुई। महिला के पति टंडन सिंह लोधी ने बताया कि मंगलवार सुबह करीब 4:30 बजे 108 एंबुलेंस सेवा पर कॉल किया गया। कॉल सेंटर से 25 मिनट में एंबुलेंस पहुंचने का आश्वासन मिला, लेकिन काफी इंतजार के बाद भी कोई एंबुलेंस नहीं पहुंची।

'एंबुलेंस उपलब्ध नहीं' कहकर किया मना

पति का आरोप है कि दोबारा संपर्क करने पर भी मदद नहीं मिली। बाद में उन्हें बताया गया कि फिलहाल कोई एंबुलेंस उपलब्ध नहीं है। इसके बाद मजबूरी में भटिया गांव से निजी वाहन किराए पर लेकर महिला को हटा सिविल अस्पताल ले जाया गया। परिजनों के मुताबिक लुहारी गांव के पास रास्ते में ही महिला की डिलीवरी हो गई। नवजात ने जन्म तो लिया, लेकिन करीब पांच मिनट बाद उसकी मौत हो गई। सुबह करीब छह बजे हटा सिविल अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने नवजात को मृत घोषित कर दिया। फिलहाल महिला का इलाज अस्पताल में जारी है।

अस्पताल में खड़ी मिलीं दो एंबुलेंस

परिजनों ने आरोप लगाया कि अस्पताल पहुंचने पर वहां दो 108 एंबुलेंस खड़ी थीं। उनका सवाल है कि यदि एंबुलेंस उपलब्ध थीं तो समय पर सेवा क्यों नहीं दी गई। परिवार का कहना है कि अगर समय पर एंबुलेंस मिल जाती तो शायद नवजात की जान बच सकती थी। महिला के ससुर कोमल सिंह लोधी ने इस पूरे मामले को गंभीर लापरवाही बताते हुए कलेक्टर से निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें परिजन अपनी पीड़ा और आरोप रखते दिखाई दे रहे हैं।

पहले भी सामने आ चुका है ऐसा मामला

गौरतलब है कि इससे पहले दमोह के जबेरा ब्लॉक के बमोरी गांव में भी 108 एंबुलेंस समय पर नहीं पहुंचने का मामला सामने आया था। उस दौरान गर्भवती महिला ने यात्री प्रतीक्षालय में ही बच्चे को जन्म दिया था। जांच के बाद 108 सेवा संचालित करने वाली कंपनी पर ₹2.35 लाख का जुर्माना लगाया गया था। इस मामले में फिलहाल स्वास्थ्य विभाग या 108 एंबुलेंस सेवा की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। यदि जांच में परिजनों के आरोप सही पाए जाते हैं तो यह मामला आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं की बड़ी लापरवाही माना जाएगा।

BRICS Summit 2026 LIVE: BRICS देशों की दोगुनी रफ्तार से हुई है तरक्की, ब्रिक्स बिजनेस फोरम में बोले पीएम मोदी

BRICS बैठक से पहले पूर्व विदेश सलमान खुर्शीद का बयान, दुनिया की बड़ी चुनौतियों से निपटने की दी सलाह

BRICS बैठक से पहले पीएम मोदी का एक्स पोस्ट, आतंकवाद को लेकर पाकिस्तान पर साधा निशाना; 9/11 हमले के 25 साल पूरे

ब्रिक्स सम्मेलन से पहले पीएम मोदी और रूसी राष्ट्रपति पुतिन की बैठक, किन मुद्दों पर हुई चर्चा?

डूसू चुनाव 2026: ABVP और NSUI ने जारी की उम्मीदवारों की लिस्ट, जानें किसके बीच है टक्कर