Rameshwar Sharma On Owaisi Statement : भोपाल में AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी और बीजेपी विधायक रामेश्वर शर्मा के बीच मिसाइल वाले बयान को लेकर सियासी जुबानी जंग तेज हो गई है। ओवैसी ने शर्मा के बयान पर पलटवार करते हुए उन्हें चुनौती दी थी। अब रामेश्वर शर्मा ने जवाब देते हुए कहा कि “भारत से टकराने की कोशिश की तो गंभीर परिणाम होंगे।” इस दौरान शर्मा ने ओवैसी के खिलाफ आपत्तिजनक व्यक्तिगत टिप्पणी भी की।
रामेश्वर शर्मा ने कहा कि भारत की मिसाइल से केवल पाकिस्तान और इस्लामाबाद में बैठे आतंकवादियों को ही परेशानी नहीं है, बल्कि भारत में भी ‘जिन्ना टाइप’ की सोच रखने वाले लोगों के मन में मिसाइल का भय है। उन्होंने कहा कि इसी वजह से मिसाइल के मुद्दे पर इस तरह की बातें की जा रही हैं। हालांकि, उनके बयान में की गई व्यक्तिगत टिप्पणी को लेकर विवाद और बढ़ गया है।
शर्मा ने असदुद्दीन ओवैसी को संबोधित करते हुए कहा कि वह बैरिस्टर हैं और उन्हें इस तरह की भाषा और बदतमीजी से बचना चाहिए। इसके बाद उन्होंने ओवैसी के खिलाफ आपत्तिजनक व्यक्तिगत शब्दों का इस्तेमाल किया। शर्मा ने कहा कि भारत से टकराने की कोशिश करने वालों को इसके गंभीर परिणाम भुगतने होंगे।
दरअसल, विवाद की शुरुआत रामेश्वर शर्मा के उस बयान से हुई थी, जिसमें उन्होंने करोंद चौराहे पर मिसाइल लगाने और काजी कैंप पर गिराने की बात कही थी। इसके बाद ओवैसी ने भोपाल की सभा में शर्मा के बयान पर पलटवार किया और उन्हें काजी कैंप में खड़े होकर मिसाइल चलाने की चुनौती दी। बाद में रामेश्वर शर्मा ने अपने बयान पर सफाई देते हुए कहा था कि उनका संदर्भ इस्लामाबाद स्थित काजी कैंप से था।
मध्यप्रदेश में आगामी दिनों में उज्जैन में होने वाले बीजेपी और संघ से जुड़े कार्यक्रमों पर भी रामेश्वर शर्मा ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि देवाधिदेव महादेव के दर्शन के लिए सभी लोग उज्जैन पहुंच रहे हैं। उन्होंने महादेव से प्रार्थना करने की बात कही कि देश और भारतीय सेना और अधिक ताकतवर बने।
बता दें कि 17 और 18 सितंबर को उज्जैन में आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत और बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के कार्यक्रम प्रस्तावित हैं। इसके बाद 19 सितंबर को राहुल गांधी का इंदौर दौरा प्रस्तावित है। इन कार्यक्रमों को लेकर प्रदेश की सियासत में नेताओं के बीच बयानबाजी भी तेज हो गई है।
राहुल गांधी के आगामी कार्यक्रम को लेकर रामेश्वर शर्मा ने तंज कसते हुए कहा, “राहुल गांधी को आने दीजिए, उनकी खुद की गूंज उनमें ही समा जाएगी।” उन्होंने कहा कि राहुल गांधी जिस तरह का व्यवहार देश में कर रहे हैं, उससे उनकी कोई अलग ‘गूंज’ नहीं चलने वाली।
राहुल गांधी की क्षेत्रीय व्यंजनों को लेकर कथित टिप्पणी पर भी शर्मा ने निशाना साधा। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि उन्हें समझ नहीं आता कि “इटली का ये नाती भारत को कब समझेगा और कब भारत की भाषा में भारत के लिए बात करेगा।” अगले कुछ दिनों में होने वाले बड़े राजनीतिक कार्यक्रमों के बीच बीजेपी और कांग्रेस के नेताओं के बीच बयानबाजी और तेज होने की संभावना है।