MP Youth Parliament : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बुधवार को विधानसभा में आयोजित ‘संसद यूथ पार्लियामेंट 2026’ का उद्घाटन किया। कार्यक्रम में 12 राज्यों के 52 से अधिक युवाओं ने हिस्सा लिया। मुख्यमंत्री ने युवाओं से राजनीति और लोकतांत्रिक व्यवस्था में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि युवा डॉक्टर और इंजीनियर बनने के साथ राजनीति में आकर लोकतंत्र को मजबूत करने में भी योगदान दें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश देश का दिल है और भारत दुनिया का सबसे युवा देश है। देश 80वां स्वतंत्रता दिवस मनाने जा रहा है और इससे पहले विधानसभा का यह आयोजन मिनी इंडिया जैसा नजर आ रहा है। उन्होंने युवा संसद में बेटियों की भागीदारी का उल्लेख करते हुए इसे लोकसभा और विधानसभा में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण के प्रावधान से जोड़कर देखा।
सीएम मोहन यादव ने कहा कि सनातन संस्कृति में मातृसत्ता को सर्वोच्च स्थान दिया गया है। समाज माताओं और बहनों के आशीर्वाद से आगे बढ़ता है। उन्होंने वसुधैव कुटुम्बकम की भावना का उल्लेख करते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति पूरी दुनिया को परिवार के रूप में देखने का संदेश देती है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ की भावना के साथ आगे बढ़ रहा है।
मुख्यमंत्री ने समान नागरिक संहिता का जिक्र करते हुए कहा कि कानून सभी के लिए समान होना चाहिए। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार ने यूसीसी को लेकर व्यापक स्तर पर सुझाव लिए हैं और सभी जिलों तथा विभिन्न धर्मों के लोगों ने इसमें सुझाव दिए। मुख्यमंत्री के मुताबिक, सरकार द्वारा कराए गए सर्वे में 76 प्रतिशत मुस्लिम महिलाओं ने समान नागरिक संहिता का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि राम और रहीम के लिए अधिकार और कानून समान होना चाहिए।
डॉ. यादव ने कहा कि देश के युवाओं को राजनीति में आकर सक्रिय भूमिका निभानी होगी। उन्होंने कहा कि युवा पढ़ाई के बाद डॉक्टर, इंजीनियर और अन्य पेशेवर बनने के साथ राजनीति के क्षेत्र में भी आएं। मुख्यमंत्री ने स्वतंत्रता संग्राम के सेनानियों का उल्लेख करते हुए नेताजी सुभाषचंद्र बोस के त्याग और संघर्ष की बात कही। उन्होंने युवाओं से लोकतंत्र को सशक्त बनाने में योगदान देने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में दिलीप बिल्डकॉन के सीएमडी दिलीप सूर्यवंशी ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव प्रदेश के औद्योगिक विकास के लिए लगातार काम कर रहे हैं। उनके मुताबिक मध्यप्रदेश में बड़े उद्योगों के साथ छोटी औद्योगिक इकाइयों में भी निवेश हो रहा है। उन्होंने युवाओं से समाज सेवा और राजनीति में समर्पण के साथ काम करने की बात कही।
युवा सांसद की भूमिका में आरब सिंह शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश में समान नागरिक संहिता विधेयक पारित हुआ है। उन्होंने कहा कि सरकार चाहती है कि युवा केवल नौकरी पाने वाले नहीं, बल्कि रोजगार देने वाले बनें। उन्होंने बताया कि वित्त वर्ष 2026-27 में खेल एवं युवा कल्याण के लिए 800 करोड़ रुपये से अधिक का बजट रखा गया है। प्रदेश में 274 सांदीपनि विद्यालय संचालित हैं और 200 नए विद्यालय बनाए जाने की योजना है।