MP Congress News: PCC चीफ जीतू पटवारी के नेतृत्व में मध्य प्रदेश कांग्रेस ने किसानों के मुद्दों को लेकर राज्य सरकार के खिलाफ बड़ा आंदोलन करने का ऐलान किया है। इसके तहत पार्टी कल सुबह 11 बजे से मुंबई-आगरा नेशनल हाईवे पर 'सड़क सत्याग्रह' करेगी।
पार्टी के मुताबिक 7 मई गुरुवार को सुबह 11 बजे से यह चक्काजाम आंदोलन शुरू होगा। इससे प्रदेश के करीब 11 जिले प्रभावित होंगे। इंदौर, शाजापुर, गुना, शिवपुरी, ग्वालियर से लेकर मुरैना तक 747 किमी क्षेत्र में जगह-जगह चक्काजाम किया जाएगा।
कांग्रेस का आरोप है कि सरकार ने किसानों से गेहूं खरीदी को लेकर किए गए वादे पूरे नहीं किए। पार्टी के अनुसार 2700 रुपए प्रति क्विंटल का वादा करने के बावजूद अब 2625 रुपए प्रति क्विंटल की दर से गेहूं की खरीदी की जा रही है। साथ ही उत्पादन और सरकारी खरीदी के आंकड़ों में भी बड़ा अंतर बताया जा रहा है।
कांग्रेस ने स्पष्ट किया है कि यह प्रदर्शन पूरी तरह शांतिपूर्ण होगा और आम जनता को किसी तरह की परेशानी नहीं होने दी जाएगी। हालांकि, भीषण गर्मी के बीच किसान अपने हक की मांग को लेकर सड़क पर बैठने को मजबूर हैं।
ये भी पढ़ें : सच में बंदर के हाथ में उस्तरा दे दिया, मेट्रो में फोटोशूट के फैसले को लेकर उमंग सिंघार का सरकार पर वार
जीतू पटवारी ने आरोप लगाया कि सरकार किसानों की समस्याओं को गंभीरता से नहीं ले रही है और लगातार वादाखिलाफी कर रही है। कांग्रेस ने मुख्यमंत्री मोहन यादव से तुरंत हस्तक्षेप कर किसानों की समस्याओं के समाधान की मांग की है। पार्टी ने इस आंदोलन को 'किसान सत्याग्रह' नाम दिया है, जिसका उद्देश्य किसानों की आवाज को प्रदेश से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाना है।