MP Chemists Protest 20 May 2026: देशभर में 20 मई 2026 को दवा बाजार पूरी तरह बंद रहेगा, जिससे मरीजों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। ऑल इंडिया ऑर्गनाइजेशन ऑफ केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट तथा मध्य प्रदेश केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन के आह्वान पर सभी निजी मेडिकल दुकानें इस दिन बंद रहेंगी।
इस बंद के चलते आवश्यक दवाइयों की उपलब्धता प्रभावित हो सकती है। ऐसे में मरीजों को सलाह दी जा रही है कि वे अपनी जरूरत की दवाएं एक दिन पहले ही पर्याप्त मात्रा में लेकर रख लें, ताकि किसी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।
इस हड़ताल के दौरान आपात स्थिति के लिए प्राइवेट और सरकारी अस्पतालों की मेडिकल दुकानें खुली रहेंगी। इसके अलावा प्रदेशभर में संचालित प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्रों पर भी दवाइयों की उपलब्धता बनी रहेगी। जयारोग्य अस्पताल, जिला अस्पतालों और निजी अस्पतालों के मेडिकल स्टोर्स को इस हड़ताल से अलग रखा गया है, जिससे गंभीर मरीजों को जरूरी दवाइयों में किसी तरह की दिक्कत न हो।
कोरोना काल में जारी अधिसूचना जीआरएस 220 ई के माध्यम से नियमों को दरकिनार किए जाने का आरोप लगाया गया है, जिसे तत्काल वापस लेने की मांग की जा रही है। इसके साथ ही कहा गया है कि ई-कॉमर्स कंपनियां अवैध रूप से बाजार पर कब्जा कर रही हैं और दवाओं के मूल्य निर्धारण में मनमानी कर रही हैं, जिस पर रोक लगाना आवश्यक है। ऑनलाइन फार्मेसी और डिजिटल प्लेटफॉर्म्स के जरिए मिलावटी और नकली दवाओं की बिक्री होने के आरोप भी सामने आए हैं, जिसे नियंत्रित करने की मांग की गई है।
यह भी पढ़ें: सागर में भूपेंद्र सिंह के जन्मदिन पर रक्तदान शिविर का आयोजन, अब तक मिला 1529 यूनिट ब्लड
भोपाल केमिस्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष जितेंद्र धाकड़ ने जानकारी दी कि जिले के सभी रिटेल और थोक दवा व्यापारी इस बंद का समर्थन करेंगे और 20 मई को अपनी दुकानें बंद रखेंगे। एसोसिएशन का कहना है कि यह मामला सीधे तौर पर आम जनता के स्वास्थ्य से जुड़ा हुआ है। उनका यह भी कहना है कि घर-घर तक पहुंच रही ऑनलाइन दवाओं की गुणवत्ता और निगरानी को लेकर अभी तक कोई स्पष्ट और प्रभावी व्यवस्था नहीं है, जो गंभीर चिंता का विषय है। अब कल राजधानी भोपाल में भी मेडिकल दुकानें बंद रहेंगी।