

Bhopal Protest News: राजधानी भोपाल के होटल में ठहरे मुस्लिम युवक और हिंदू युवती के साथ हुई घटना को लेकर मंगलवार रात मुस्लिम समाज के लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि युवक के साथ मारपीट के दौरान आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया गया, जिससे समाज की भावनाएं आहत हुई हैं। उन्होंने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग करते हुए कार्रवाई नहीं होने पर भोपाल बंद की चेतावनी दी।
जानकारी के अनुसार, रविवार को हिंदू संगठन से जुड़े कुछ कार्यकर्ताओं ने गौतम नगर इलाके स्थित एक होटल में एक मुस्लिम युवक और हिंदू युवती को पकड़ा था। आरोप है कि मुस्लिम युवक के साथ मारपीट की गई, उसके चेहरे पर स्याही और गोबर लगाया गया तथा उसे अर्धनग्न कर पुलिस के हवाले कर दिया गया।
मंगलवार रात हमीदिया अस्पताल के पास सैकड़ों मुस्लिम लोग जमा हो गए। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने अस्पताल के गेट बंद कर दिए और इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया। मौके पर विधायक आरिफ मसूद और आतीफ अकील भी पहुंचे। दोनों नेताओं ने लोगों को समझाइश देकर शांत कराया। रात करीब 12 बजे तक मौके पर भीड़ मौजूद रही। सुरक्षा के लिहाज से पुलिस ने इलाके में बैरिकेडिंग भी की।
प्रदर्शन से पहले मुस्लिम समाज के लोग काजियात में इकट्ठा हुए, जहां शहर काजी सैयद मुश्ताक अली नदवी ने भी उन्हें संबोधित किया। इसके बाद बड़ी संख्या में लोग पुलिस कंट्रोल रूम पहुंचे और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। समाज के प्रतिनिधियों का कहना था कि युवक के साथ अभद्र व्यवहार और धार्मिक भावना आहत करने वाले शब्दों का इस्तेमाल किया गया है। प्रदर्शन में एआईएमआईएम नेता मोहसिन अली भी मौजूद रहे।
पुलिस पूछताछ में युवती ने बताया कि वह पिछले करीब 5 सालों से युवक के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही है और वह उसके खिलाफ किसी भी प्रकार की कानूनी कार्रवाई नहीं चाहती। युवती ने यह भी कहा कि उसके साथ किसी तरह की जबरदस्ती या गलत व्यवहार नहीं हुआ। उसने पुलिस को बताया कि जिस स्थान पर वह रह रही है, वहां बाहरी लोगों के आने की अनुमति नहीं थी, इसलिए दोनों होटल में मिलने पहुंचे थे।