भोपाल की माखनलाल यूनिवर्सिटी में 22 वर्षीय छात्रा से दुष्कर्म का मामला सामने आया।
यूनिवर्सिटी कर्मचारी के पति आनंद दीप सिंह भाबरा पर शादी का झांसा देने का आरोप।
छात्रा की मुलाकात आरोपी से कॉलेज परिसर में हुई थी।
Makhanlal University Bhopal Rape Case: भोपाल के माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय में 22 वर्षीय छात्रा के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। छात्रा ने विश्वविद्यालय के एक कर्मचारी के पति पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है।
छात्रा की शिकायत पर रातीबड़ पुलिस ने जांच के बाद बुधवार देर रात आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म की एफआईआर दर्ज की। फिलहाल आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। आरोपी की पहचान आनंद दीप सिंह भाबरा के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक, छात्रा की मुलाकात राजधानी भोपाल की माखनलाल चतुर्वेदी यूनिवर्सिटी में ही आरोपी से हुई थी। शुरुआत में दोनों के बीच इंट्रोडक्शन हुआ, जो धीरे-धीरे दोस्ती और फिर बाद में प्रेम संबंध में बदल गया। आरोपी छात्रा की छोटे-मोटे कामों में मदद भी करता था। इसी दौरान दोनों के बीच दोनों नजदीकियां बढ़ गईं।
छात्रा ने इस मामले में जानकारी देते हुए बताया कि, 27 अगस्त 2026 को आरोपी ने जल्द शादी करने का भरोसा देकर विश्वविद्यालय परिसर स्थित सरकारी क्वार्टर में उसके साथ पहली बार दुष्कर्म किया था।
गौरतलब है कि, आरोपी पहले से शादीशुदा था। उसने छात्रा को अपनी पत्नी को तलाक देकर शादी करने का वादा किया था। छात्रा ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी शादी का भरोसा देकर उसके साथ कई बार शारीरिक संबंध बनाता रहा।
बाद में जब छात्रा ने शादी के लिए दबाव बनाया तो आरोपी ने इनकार कर दिया। इसके बाद छात्रा ने रातीबड़ थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने छात्रा की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।