

इंदौर में वैवाहिक विवाद के बीच ब्लैकमेलिंग का मामला।
पत्नी और ससुर के खिलाफ एफआईआर हुई दर्ज।
युवक ने लगाए शादी से पहले 5 लाख और बाद में 10 लाख रुपये देने के आरोप।
Indore Man Allegations On Wife And Father In Law: मध्य प्रदेश के इंदौर शहर के हीरानगर थाना में वैवाहिक विवाद से जुड़ा ब्लैकमेलिंग का मामला सामने आया है। दरअसल, एक युवक ने अपनी पत्नी और ससुर पर विवाह के बाद लगातार पैसे मांगने, निजी तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल करने और झूठे केस में फंसाने की धमकी देने का आरोप लगाया है।
फरियादी की शिकायत पर हीरानगर थाना पुलिस ने दोनों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, इंदौर शहर के प्राइम सिटी निवासी वकुल विजयवर्गीय ने फरियाद में बताया कि उसकी शादी साल 2023 में 28 मई को यशस्वी विजयवर्गीय से हुई थी। आरोप है कि शादी के समय ही यशस्वी और उसके पिता संजय ने फरियादी तथा उसके परिवार से पहले 5 लाख रुपये और बाद में 10 लाख रुपए लिए थे। विवाह के बाद भी रुपयों की मांग किए जाने का आरोप भी सामने आया है।
शिकायत के मुताबिक, पारिवारिक विवाद बढ़ने पर यशस्वी ने वकुल की फोटो को एडिट कर सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया था। इस मामले में पुलिस में यशस्वी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। इंदौर पुलिस को दिए गए डॉक्यूमेंत के अनुसार, इस मामले में यशस्वी की ओर से एक शपथ पत्र भी दिया गया था, जिसमें तस्वीरें एडिट कर सोशल मीडिया पर डालने की बात स्वीकार किए जाने का जिक्र है।
वकुल विजयवर्गीय का आरोप है कि बाद में यशस्वी ने उसके खिलाफ थाने में दहेज का मामला दर्ज करने की धमकी देने और मामले में समझौता करने और अन्य मामलों में फंसाने की धमकी देकर यशस्वी और उसके पिता संजय द्वारा 50 लाख रुपए की मांग की जा रही थी। लगातार मिल रही कथित धमकियों और ब्लैकमेलिंग से परेशान होकर युवक ने पुलिस से शिकायत की।