Madhya Pradesh Rain Alert : मध्य प्रदेश में मानसून एक बार फिर स्ट्रॉन्ग एक्टिविटी दिखा रहा है। प्रदेश के पश्चिमी हिस्से, खासकर इंदौर और उज्जैन संभाग में बारिश का दौर तेज रहने की संभावना है। शनिवार को इंदौर, धार, बड़वानी, रतलाम और भोपाल समेत कई जिलों में तेज बारिश हुई। सतना के चित्रकूट में मंदाकिनी नदी का जलस्तर भी बढ़ गया है।
मौसम केंद्र के मुताबिक रविवार को प्रदेश के 18 जिलों में अति भारी या भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। अगले 24 घंटे में धार और बड़वानी में अति भारी बारिश हो सकती है। वहीं इंदौर, उज्जैन, खरगोन, बुरहानपुर, खंडवा, देवास, हरदा, सीहोर, नर्मदापुरम, बैतूल, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, मंदसौर, रतलाम, झाबुआ और आलीराजपुर में भारी बारिश की चेतावनी है।
भोपाल, रायसेन, राजगढ़, विदिशा, नीमच, आगर-मालवा, शाजापुर, ग्वालियर, गुना, शिवपुरी, दतिया, अशोकनगर, मुरैना, भिंड, श्योपुर, जबलपुर, कटनी, सिवनी, नरसिंहपुर, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी, रीवा, सतना, सीधी, सिंगरौली, मऊगंज, मैहर, शहडोल, उमरिया, अनूपपुर, सागर, पन्ना, दमोह, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी में भी कहीं तेज तो कहीं हल्की बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी की ओर लो प्रेशर एरिया यानी निम्न दबाव का क्षेत्र सक्रिय है। इसके साथ ही मानसून ट्रफ प्रदेश के दक्षिणी हिस्से से होकर गुजर रही है। इन दोनों सिस्टम के असर से प्रदेश में अगले दो दिन बारिश का दौर बना रहने की संभावना है।
बारिश के आंकड़ों के मुताबिक प्रदेश के 33 जिलों में सामान्य से कम बारिश दर्ज की गई है। पूर्वी हिस्से के जबलपुर, रीवा, सागर और शहडोल संभाग में बारिश का आंकड़ा सामान्य से करीब 1 प्रतिशत कम है। बालाघाट, छिंदवाड़ा, डिंडौरी, दमोह, जबलपुर, कटनी, नरसिंहपुर, पांढुर्णा, मंडला, रीवा, सागर और सिवनी में 2 से 26 प्रतिशत तक कम बारिश हुई है।
पश्चिमी हिस्से के आगर-मालवा, आलीराजपुर, अशोकनगर, बैतूल, देवास, धार, हरदा, इंदौर, झाबुआ, खंडवा, मंदसौर, मुरैना, नर्मदापुरम, नीमच, बड़वानी, रायसेन, रतलाम, सीहोर, शाजापुर, उज्जैन और विदिशा में सामान्य से 1 से 55 प्रतिशत तक कम बारिश दर्ज की गई है। हालांकि पिछले एक सप्ताह में कई जिलों में हुई तेज बारिश के कारण आंकड़ों में सुधार आया है।
प्रदेश के 22 जिलों में सीजन के दौरान सामान्य से ज्यादा बारिश दर्ज की गई है। इनमें अनूपपुर, छतरपुर, मैहर, मऊगंज, निवाड़ी, पन्ना, सतना, शहडोल, सीधी, सिंगरौली, टीकमगढ़, उमरिया, भिंड, भोपाल, बुरहानपुर, दतिया, गुना, ग्वालियर, खरगोन, राजगढ़, श्योपुर और शिवपुरी शामिल हैं।