कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी (फोटो सोर्स- नवभारत)
भोपाल

जीतू पटवारी ने उठाया महंगाई, किसान और शिक्षा व्यवस्था का मुद्दा, सरकार को दिया 8 दिन का अल्टीमेटम

Madhya Pradesh Congress : जीतू पटवारी ने महंगाई, किसानों की समस्या और शिक्षा व्यवस्था को लेकर सरकार पर निशाना साधा। 8 दिन में फैसला नहीं तो कांग्रेस ‘दस्तक’ अभियान चलाएगी।

सुधीर दंडोतिया, प्रीतेश जैन

Jitu Patwari On Inflation And Education : मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने विभिन्न जनहित और समसामयिक मुद्दों को लेकर प्रदेश और केंद्र सरकार पर निशाना साधा। पत्रकारों से चर्चा के दौरान पटवारी ने महंगाई, किसानों की स्थिति, शराबबंदी, भ्रष्टाचार और शिक्षा व्यवस्था को लेकर सरकार से जवाब मांगा। उन्होंने कहा कि आम आदमी महंगाई से परेशान है, किसान को उसकी उपज का उचित दाम नहीं मिल रहा और प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था भी गंभीर चुनौतियों से जूझ रही है। इस दौरान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मीडिया विभाग के अध्यक्ष मुकेश नायक मौजूद रहे।

जीतू पटवारी ने पूर्व प्रधानमंत्री और भारत रत्न राजीव गांधी को श्रद्धांजलि देते हुए उनके योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि आधुनिक भारत के निर्माण में राजीव गांधी की भूमिका ऐतिहासिक रही है। पंचायती राज व्यवस्था को मजबूत करने, 18 वर्ष के युवाओं को मतदान का अधिकार देने और सूचना प्रौद्योगिकी एवं दूरसंचार के क्षेत्र में उनके फैसलों ने देश को नई दिशा दी। पटवारी ने कहा कि आज भारत जिस डिजिटल युग में आगे बढ़ रहा है, उसकी नींव राजीव गांधी के दूरदर्शी निर्णयों में दिखाई देती है।

महंगाई पर सरकार को घेरा

पटवारी ने बढ़ती महंगाई को लेकर केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने दावा किया कि खाद्य तेलों की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। उनके अनुसार सोयाबीन तेल के दाम में करीब 12 प्रतिशत, मूंगफली तेल में 10 प्रतिशत और सरसों तेल में लगभग 20 प्रतिशत तक वृद्धि हुई है। उन्होंने कहा कि चीनी के दाम बढ़ने के साथ दूध की कीमतों में भी 2 से 3 रुपए तक की बढ़ोतरी हुई है, जिससे आम परिवार की रसोई का बजट बिगड़ रहा है।

किसान सस्ता बेच रहा, उपभोक्ता महंगा खरीद रहा

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने दालों की बढ़ती कीमतों का भी मुद्दा उठाया। उन्होंने तुअर और अरहर दाल की कीमत करीब 140 रुपए प्रति किलो तक पहुंचने का उल्लेख करते हुए कहा कि किसान को उसकी उपज का उचित मूल्य नहीं मिल रहा, जबकि वही उत्पाद बाजार में महंगे दामों पर बिक रहा है। उन्होंने इसे सरकार की कृषि और बाजार प्रबंधन व्यवस्था का विरोधाभास बताते हुए किसानों को उचित मूल्य और उपभोक्ताओं को राहत देने की मांग की।

शराबबंदी और अवैध कारोबार पर सवाल

पटवारी ने प्रदेश में शराबबंदी को लेकर मुख्यमंत्री के दावों पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि धार्मिक नगरियों में शराबबंदी की बात की जाती है, लेकिन जमीन पर शराब की उपलब्धता और कथित अवैध कारोबार को लेकर शिकायतें सामने आती हैं। उन्होंने गुजरात में जहरीली शराब से हुई मौतों का संदर्भ देते हुए मध्य प्रदेश में अवैध और जहरीली शराब की कथित आपूर्ति पर चिंता जताई। साथ ही शराब की कथित होम डिलीवरी को लेकर भी सरकार से जवाब मांगा।

भ्रष्टाचार के खिलाफ अभियान चलाने का ऐलान

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी जहरीली शराब, अवैध शराब कारोबार और सरकारी विभागों में कथित भ्रष्टाचार के खिलाफ व्यापक अभियान चलाएगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का उद्देश्य केवल सरकार की आलोचना करना नहीं, बल्कि जनता के अधिकारों और हितों की रक्षा के लिए सरकार को जवाबदेह बनाना है।

शिक्षा व्यवस्था पर श्वेत पत्र की मांग

पटवारी ने मध्य प्रदेश की स्कूली और उच्च शिक्षा व्यवस्था को लेकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से श्वेत पत्र जारी करने की मांग की। उन्होंने कहा कि शिक्षा राजनीति से ऊपर का विषय है और सरकार को प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था की वास्तविक स्थिति जनता के सामने रखनी चाहिए। उन्होंने शिक्षकों की उपलब्धता, स्कूल भवन, सुविधाओं और विद्यार्थियों से जुड़े मुद्दों पर सरकार से ठोस कार्ययोजना बनाने की मांग की।

8 दिन में फैसला नहीं तो स्कूलों तक पहुंचेगी कांग्रेस

पटवारी ने सरकार को आठ दिन का समय देते हुए कहा कि यदि शिक्षा व्यवस्था में सुधार को लेकर कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया तो कांग्रेस कार्यकर्ता प्रदेश के प्रत्येक स्कूल तक पहुंचेंगे। उन्होंने इसे ‘दस्तक’ अभियान का नाम देते हुए कहा कि पंचायत स्तर पर गठित कांग्रेस कमेटियों के माध्यम से स्कूलों की वास्तविक स्थिति सामने लाई जाएगी। इन समस्याओं को सोशल मीडिया के जरिए भी उठाया जाएगा और मुख्यमंत्री, शिक्षा मंत्री तथा मुख्य सचिव तक जानकारी पहुंचाई जाएगी।

सरकार ने ध्यान नहीं दिया तो होगा साइक्लोथॉन

पटवारी ने कहा कि यदि ‘दस्तक’ अभियान के बाद भी सरकार शिक्षा के मुद्दे पर गंभीरता नहीं दिखाती है तो कांग्रेस प्रदेश के सभी संभागों में साइक्लोथॉन यानी साइकिल यात्रा आयोजित करेगी। उन्होंने कहा कि पार्टी सकारात्मक तरीके से शिक्षा के महत्व को लेकर जनता को जागरूक करेगी और सरकार पर जरूरी सुधारों के लिए दबाव बनाएगी।

राष्ट्रीय मुद्दों पर भी सरकार से जवाब मांगेगी कांग्रेस

जीतू पटवारी ने बताया कि कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक में महंगाई, खाद्य तेलों और आवश्यक वस्तुओं की बढ़ती कीमतों, आस्था के केंद्रों से जुड़े मामलों, चीन द्वारा भारतीय भूमि पर कथित अतिक्रमण और परिसीमन जैसे राष्ट्रीय मुद्दों पर चर्चा हुई है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इन मुद्दों को प्रदेश की जनता के बीच लेकर जाएगी और केंद्र एवं राज्य सरकार से जवाब मांगेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस महंगाई, बेरोजगारी, शिक्षा, किसान, भ्रष्टाचार और कानून व्यवस्था जैसे मुद्दों पर जनता की आवाज बनकर संघर्ष जारी रखेगी।

आज की ताजा खबर 20 अगस्त LIVE: भारी बारिश के बाद दिल्ली-एयरपोर्ट रोड और द्वारका अंडरपास में भरा पानी

सुप्रीम कोर्ट का ऐतिहासिक फैसला, भ्रूण लिंग जांच मामलों में सीधे पुलिस FIR पर लगी रोक

कांग्रेस का बड़ा फैसला, सरकारी प्रोटोकॉल दरकिनार, वंदे मातरम के केवल दो पद गाने की परंपरा पर रहेगी कायम

मंत्रालय से खदेड़े गए चयनित अभ्यर्थी, कुटे मैदान में खोला मोर्चा, अब क्या करेंगी झारखंड सरकार?

कांग्रेस नेता सज्जन कुमार का निधन, सफदरजंग अस्पताल में ली अंतिम सांस, 1984 दंगों में मिली थी उम्रकैद की सजा