

Ethanol Petrol Row Madhya Pradesh: मध्य प्रदेश में एथेनॉल मिले पेट्रोल को लेकर सियासत तेज हो गई है। रीवा से भाजपा सांसद जनार्दन मिश्रा के बयान पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने पलटवार करते हुए भाजपा और केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। सोमवार को छिंदवाड़ा पहुंचे पटवारी ने कहा कि जनार्दन मिश्रा के बयान के लिए उन्हें धन्यवाद देना चाहिए, क्योंकि उन्होंने केंद्र सरकार की नीतियों की सच्चाई जनता के सामने रख दी है।
जीतू पटवारी छिंदवाड़ा में आयोजित कांग्रेस के दो दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण शिविर में शामिल होने पहुंचे हैं। छिंदवाड़ा रवाना होने से पहले जबलपुर से सिवनी के रास्ते में कई स्थानों पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। छपारा, लखनादौन और सिवनी में कार्यकर्ताओं ने पटवारी का स्वागत कर उनके समर्थन में नारे लगाए।
एथेनॉल मिले पेट्रोल के मुद्दे पर पटवारी ने कहा कि यदि भाजपा सांसद जनार्दन मिश्रा यह कह रहे हैं कि एथेनॉल मिलना मजबूरी है और लोगों को शुद्ध पेट्रोल उपलब्ध नहीं हो रहा है, तो इसके लिए केंद्र सरकार से सवाल किया जाना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि एथेनॉल के नाम पर आम लोगों को गुमराह किया गया। पटवारी के मुताबिक, बड़ी संख्या में वाहन मालिकों की ओर से भी पेट्रोल को लेकर शिकायतें सामने आ रही हैं। उन्होंने कहा कि सरकार ने जनता से जो कहा, वह पूरा नहीं किया और जो किया, वह लोगों के लिए धोखा साबित हुआ।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पुराने चुनावी वादों को लेकर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने पूछा कि क्या देश में हर साल दो करोड़ रोजगार देने का वादा पूरा हुआ? क्या भारत को पांच ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने का लक्ष्य हासिल हुआ? उन्होंने यह भी सवाल किया कि क्या भारत को विश्व गुरु बनाने का दावा पूरा हुआ है? पटवारी ने कहा कि भाजपा सांसद का बयान सरकार की नीतियों और जमीनी हकीकत के बीच के अंतर को उजागर करता है। इसी कारण कांग्रेस को जनार्दन मिश्रा का धन्यवाद करना चाहिए।
सिवनी में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए पटवारी ने मध्य प्रदेश की मोहन सरकार पर भ्रष्टाचार के मुद्दे पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में आम जनता से जुड़े कई मुद्दों पर सरकार जवाबदेही से बच रही है। साथ ही उपचुनाव को लेकर भी उन्होंने भाजपा पर राजनीतिक दबाव और सरकारी तंत्र के इस्तेमाल के आरोप लगाए। पटवारी ने कहा कि कांग्रेस जनता से जुड़े मुद्दों को लेकर लगातार आवाज उठाती रहेगी। छिंदवाड़ा में होने वाला आवासीय प्रशिक्षण शिविर भी संगठन को मजबूत करने और आगामी राजनीतिक चुनौतियों के लिए कार्यकर्ताओं को तैयार करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।