भोपाल में बिक रही पाकिस्तानी क्रीम का पूरा सच (सोर्स- नवभारत लाइव)
भोपाल

GROUND REPORT: गोरे होने की चाहत में जला बैठोगे SKIN...भोपाल में बिक रही पाकिस्तानी 'गोरी क्रीम' का पूरा सच

Navbharat Original: गोरा होने की चाहत पर भारी पड़ा पाकिस्तानी 'गोरी क्रीम' का जहर, क्रीम में मानक से 5700 गुना ज्यादा मरकरी का खुलासा। भोपाल बाजारों में धड़ल्ले से बिक्री।

सजल रघुवंशी, शिवम दत्त तिवारी

HIGHLIGHTS:

  • पाकिस्तान निर्मित गोरी ब्यूटी क्रीम में 5700 पीपीएम तक मरकरी होने का दावा।

  • अंतरराष्ट्रीय मानक के मुताबिक क्रीम में मरकरी की अधिकतम सीमा 1 पीपीएम है।

  • महाराष्ट्र में प्रतिबंध के बावजूद मध्य प्रदेश के कई शहरों में बिक रही क्रीम।

  • भोपाल के बाजारों में 150 से 800 रुपये तक में उपलब्ध है क्रीम।

Ground Report On Pakistani Cream Bhopal: गोरा होने की चाहत आपकी सेहत पर भारी पड़ सकती है। चेहरे को गोरा बनाने का दावा करने वाली पाकिस्तान मेड 'गौरी (Goree) ब्यूटी क्रीम' को लेकर मध्य प्रदेश में बड़ा खुलासा हुआ है। इस क्रीम में पारा यानी मरकरी की खतरनाक मात्रा होने का दावा सामने आया है।

डर्मेटोलॉजिस्ट के मुताबिक, क्रीम में मरकरी का स्तर 5700 PPM तक पाया गया है, जबकि अंतरराष्ट्रीय मानक के अनुसार इसकी अधिकतम सीमा 1 PPM है। यानी दावा सही साबित होने पर इसमें पारे की मात्रा तय सीमा से 5700 गुना ज्यादा है।

महाराष्ट्र में प्रतिबंधित है यह क्रीम

सबसे चिंता की बात यह है कि महाराष्ट्र में इस क्रीम की बिक्री पर प्रतिबंध लगाए जाने के बावजूद यह भोपाल समेत मध्य प्रदेश के कई शहरों में बिक रही है। स्थानीय कॉस्मेटिक दुकानों के अलावा ई-कॉमर्स वेबसाइट और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी इसकी उपलब्धता सामने आई है। नवभारत की पड़ताल में पाकिस्तानी ब्यूटी क्रीम की बिक्री और सप्लाई नेटवर्क से जुड़े कई अहम तथ्य सामने आए हैं। मामले के सामने आने के बाद मध्य प्रदेश सरकार और पुलिस प्रशासन हरकत में आ गए हैं।

भोपाल में 150 से 800 रुपये तक में बिक रही क्रीम

पाकिस्तान में निर्मित गौरी ब्यूटी क्रीम का इस्तेमाल त्वचा का रंग गोरा करने और चेहरे पर निखार लाने के दावे के साथ किया जाता है। नवभारत की पड़ताल में भोपाल के स्थानीय बाजारों में यह क्रीम आसानी से उपलब्ध मिली। इसकी कीमत 150 रुपये से लेकर 800 रुपये तक बताई जा रही है।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से भी बेची जा रही यह क्रीम

राजधानी भोपाल के बाजारों में इसकी बिक्री के अलावा ई-कॉमर्स और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी यह क्रीम आसानी से मिल रही है। पड़ताल के दौरान दलालों के माध्यम से करीब 380 रुपये में क्रीम मिलने की बात सामने आई। दुकानदारों का कहना है कि ग्राहक इस क्रीम की मांग करते हैं, जबकि कुछ ग्राहक इसके इस्तेमाल से फायदा होने की बात भी कह रहे हैं। हालांकि, इसके संभावित स्वास्थ्य जोखिमों को लेकर सामने आ रही जानकारी ने चिंता बढ़ा दी है।

5700 PPM मरकरी का दावा, किडनी और नर्वस सिस्टम को नुकसान

इस पूरे मामले का सबसे गंभीर पहलू क्रीम में पारे यानी मरकरी की कथित मौजूदगी है। विशेषज्ञों के मुताबिक, इस क्रीम में मरकरी का स्तर 5700 PPM तक बताया गया है। अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुसार स्किन लाइटनिंग उत्पादों में मरकरी की सीमा 1 PPM निर्धारित है। यानी इस क्रीम में कथित तौर पर सुरक्षित सीमा से 5700 गुना ज्यादा मरकरी मौजूद है।

गोरा बनाने के लिए कैसे काम करती है मरकरी वाली क्रीम?

त्वचा का प्राकृतिक रंग मेलानिन नामक पिगमेंट से निर्धारित होता है। मरकरी युक्त कुछ स्किन लाइटनिंग उत्पाद मेलानिन के निर्माण की प्रक्रिया को प्रभावित करते हैं। इससे त्वचा का रंग हल्का दिखाई देने लगता है।

लेकिन यह खूबसूरती का सुरक्षित तरीका नहीं है। ऐसे उत्पादों के लंबे समय तक इस्तेमाल से गंभीर स्वास्थ्य समस्याएं हो सकती हैं। क्रीम का इस्तेमाल बंद करने के बाद त्वचा का रंग दोबारा पहले जैसा हो सकता है, लेकिन शरीर को हुआ नुकसान हमेशा इतनी आसानी से ठीक नहीं होता।

बड़ा सवाल: प्रतिबंध के बावजूद बाजार तक कैसे पहुंचा जहरीला उत्पाद?

मध्य प्रदेश सरकार ने जांच के निर्देश दे दिए हैं और पुलिस सप्लाई नेटवर्क की पड़ताल में जुटी है। लेकिन इस पूरे मामले ने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

  • पाकिस्तान निर्मित यह क्रीम भारतीय बाजार तक कैसे पहुंच रही है?

  • महाराष्ट्र में प्रतिबंध के बाद भी मध्य प्रदेश में इसकी बिक्री कैसे जारी है?

  • ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर ऐसे उत्पादों की बिक्री की निगरानी कौन कर रहा है?

  • क्या इस क्रीम की बिक्री के पीछे कोई संगठित नेटवर्क काम कर रहा है?

  • अब तक कितने लोग इसका इस्तेमाल कर चुके हैं और उनकी सेहत पर क्या असर पड़ा है?

गोरा दिखने की चाहत में लोग अनजाने में अपनी सेहत को खतरे में डाल रहे हैं। जरूरत इस बात की है कि सिर्फ दुकानों पर कार्रवाई न हो, बल्कि इस जहरीले उत्पाद की पूरी सप्लाई चेन को तोड़ा जाए।

Noel Tata ने टाटा इन्वेस्टमेंट कॉरपोरेशन के चेयरमैन पद से दिया इस्तीफा, बहराम वकील ने संभाली जिम्मेदारी

कुलगाम और किश्तवाड़ की घटनाओं पर बोले रक्षा विशेषज्ञ, कहा- पाकिस्तान को जल्द मिलेगा जवाब

सैम पित्रोदा ने की मोदी की तारीफ तो PM ने भी दिया जवाब, जानिए क्या कहा?

CERA की रिपोर्ट में बड़ा खुलासा, डेटा न गायब होता तो 49% तक ज्यादा दर्ज होता दिल्ली का प्रदूषण

कश्मीर का 'लाल सोना' क्यों हो रहा है गायब? कौन है इसका पीछे का जिम्मेदार