1920 मेगावाट क्षमता वाली पंप्ड हाइड्रो परियोजना फोटो सोर्स - सोशल मीडिया
भोपाल

गांधीसागर में 18 नवंबर को डेस्टिनेशन कैबिनेट, 11,500 करोड़ की पंप्ड हाइड्रो परियोजना रहेगी खास आकर्षण

MP Destination Cabinet : मंदसौर के गांधीसागर में 18 नवंबर को डेस्टिनेशन कैबिनेट बैठक होगी। यहां 11,500 करोड़ की 1920 मेगावाट क्षमता वाली पंप्ड हाइड्रो स्टोरेज परियोजना प्रमुख आकर्षण रहेगी।

सुधीर दंडोतिया, शाजेब खान

Highlights :

  • 18 नवंबर को मंदसौर के गांधीसागर में होगी डेस्टिनेशन कैबिनेट बैठक।

  • 11,500 करोड़ की लागत से बन रही 1920 मेगावाट क्षमता वाली पंप्ड हाइड्रो परियोजना।

  • अतिरिक्त सौर और पवन ऊर्जा को संग्रहित कर पीक आवर्स में बनेगी बिजली।

  • निर्माण के दौरान करीब 4 हजार लोगों को मिला रोजगार।

Gandhi Sagar Pumped Hydro Storage Project : एमपी सरकार की डेस्टिनेशन कैबिनेट बैठक की अगली कड़ी 18 नवंबर को मंदसौर जिले के गांधीसागर में आयोजित होगी। मुख्यमंत्री मोहन यादव की अध्यक्षता में होने वाली इस बैठक में क्षेत्र के विकास और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े मुद्दों पर फोकस रहेगा। इस दौरान 11,500 करोड़ रुपये की लागत से बन रही 1920 मेगावाट क्षमता वाली गांधीसागर पंप्ड हाइड्रो स्टोरेज परियोजना प्रमुख आकर्षण रहेगी। परियोजना को देश की सबसे बड़ी निर्माणाधीन स्वतंत्र पंप्ड हाइड्रो स्टोरेज परियोजना बताया जा रहा है।

11,500 करोड़ की लागत से तैयार हो रहा मेगा प्रोजेक्ट

ग्रीनको ग्रुप द्वारा विकसित की जा रही ये परियोजना नीमच जिले की रामपुरा तहसील के खेमला ब्लॉक में स्थापित की जा रही है। करीब 414 हेक्टेयर क्षेत्र में आकार ले रही इस परियोजना में दो जलाशयों का इस्तेमाल होगा। निचले जलाशय के रूप में मौजूदा गांधीसागर जलाशय का उपयोग किया जाएगा जबकि ऊपरी जलाशय का निर्माण किया गया है। परियोजना का उद्देश्य अतिरिक्त नवीकरणीय ऊर्जा को संग्रहित कर जरूरत के समय बिजली उपलब्ध कराना है। इससे बिजली ग्रिड को मांग के अनुसार ऊर्जा देने में मदद मिलेगी।

ऐसे काम करेगी पंप्ड हाइड्रो स्टोरेज परियोजना

इस परियोजना में पानी का बार बार इस्तेमाल किया जाएगा। जब ग्रिड में सौर या पवन ऊर्जा की अतिरिक्त उपलब्धता होगी, तब उसी बिजली से मोटरें चलाकर पानी को निचले जलाशय से ऊपरी जलाशय तक पहुंचाया जाएगा। बिजली की मांग बढ़ने यानी पीक आवर्स में ऊपरी जलाशय से पानी नीचे छोड़ा जाएगा। पानी के प्रवाह से टर्बाइन चलेंगी और बिजली पैदा होगी। इस तरह अतिरिक्त नवीकरणीय ऊर्जा को जरूरत के समय इस्तेमाल किया जा सकेगा।

6 घंटे तक बिजली उत्पादन, 9 टर्बाइन लगाए जा रहे

परियोजना की कुल क्षमता 1920 मेगावाट है और यह लगातार करीब 6 घंटे तक बिजली उत्पादन कर सकती है। इसमें कुल 9 टर्बाइन लगाए जा रहे हैं। परियोजना की अनुमानित राउंड ट्रिप एफिशिएंसी करीब 80 प्रतिशत है, यानी संग्रहित ऊर्जा का लगभग 80 प्रतिशत दोबारा बिजली के रूप में प्राप्त किया जा सकेगा। इसकी कुल वार्षिक ऊर्जा उत्पादन क्षमता 3,580 मिलियन यूनिट बताई गई है। परियोजना को बिजली की पंपिंग और सप्लाई के लिए करीब 60 किलोमीटर दूर मंदसौर जिले के 765/400 केवी सबस्टेशन से जोड़ा जा रहा है।

ये देश की सबसे बड़ी निर्माणाधीन स्वतंत्र पंप्ड हाइड्रो स्टोरेज परियोजना बताई जा रही है।

दिसंबर से शुरू होगा पहले टर्बाइन सेट का संचालन

परियोजना के पहले टर्बाइन सेट का संचालन दिसंबर में शुरू होने की संभावना है। इसके बाद जून 2027 से पूरी परियोजना के चालू होने का लक्ष्य रखा गया है। परियोजना के पूरी तरह शुरू होने पर बिजली की मांग के अधिक समय में अतिरिक्त आपूर्ति उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

निर्माण में 4 हजार लोगों को रोजगार, संचालन में 200 को मिलेगा काम

इस परियोजना के निर्माण के दौरान करीब 4,000 लोगों को रोजगार उपलब्ध कराया गया है। इसके संचालन और रखरखाव के लिए साइट पर लगभग 200 लोगों को स्थायी रोजगार मिलने का अनुमान है। राज्य सरकार के निर्देश पर निर्माण करने वाली कंपनी को एमपी के योग्य स्थानीय उम्मीदवारों को अधिकतम रोजगार देने के लिए कहा गया है। परियोजना से पीक आवर्स में पैदा होने वाली बिजली एनटीपीसी, एसईसीआई और मध्यप्रदेश सहित अन्य राज्यों की बिजली वितरण कंपनियों को भी बेची जाएगी। इससे डिस्कॉम्स को महंगे पीक-टैरिफ पर बिजली खरीदने की जरूरत कम हो सकती है और उनकी लागत में बचत होने की उम्मीद है।

सौर और पवन ऊर्जा को बर्बाद होने से बचाएगी परियोजना

गांधीसागर पंप्ड हाइड्रो स्टोरेज परियोजना की अहम विशेषता अतिरिक्त सौर और पवन ऊर्जा को संग्रहित करना है। जब बिजली की मांग कम होगी और नवीकरणीय ऊर्जा की उपलब्धता ज्यादा होगी, तब उसका इस्तेमाल पानी को ऊपरी जलाशय तक पहुंचाने में किया जाएगा। बाद में मांग बढ़ने पर इसी संग्रहित ऊर्जा से बिजली बनाई जा सकेगी। इससे ग्रिड को संतुलित रखने जरूरत के समय हरित ऊर्जा उपलब्ध कराने और देश के डी कार्बोनाइजेशन लक्ष्यों को आगे बढ़ाने में मदद मिलने की उम्मीद है।

गांधीसागर क्षेत्र में ऊर्जा, पर्यटन और पर्यावरण संरक्षण पर जोर

गांधीसागर जलाशय चंबल नदी पर स्थित है और मंदसौर नीमच सहित आसपास के क्षेत्रों के सामाजिक आर्थिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। यहां 115 मेगावाट क्षमता का गांधीसागर जलविद्युत गृह पहले से बिजली उत्पादन कर रहा है। जलाशय की सतह पर फ्लोटिंग सोलर परियोजनाओं को भी बढ़ावा दिया जा रहा है। इसके अलावा वैज्ञानिक मत्स्य पालन, मछुआरा सहकारी समितियों को सहायता, आधुनिक नौकाओं और जाल की उपलब्धता तथा बाजार से जुड़ाव के प्रयास किए जा रहे हैं। गांधीसागर समूह जल प्रदाय योजना के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों तक पेयजल पहुंचाने और आधुनिक सिंचाई तकनीकों से किसानों को सुविधा देने पर भी काम किया जा रहा है।

चीतों का दूसरा प्राकृतिक वास, पर्यटन को भी मिल रहा बढ़ावा

कूनो के बाद गांधीसागर वन्यजीव अभयारण्य को चीतों के दूसरे प्राकृतिक वास के रूप में विकसित किया गया है। यह क्षेत्र गिद्धों की आबादी और चंबल नदी में मगरमच्छों के सुरक्षित प्रजनन के लिए भी महत्वपूर्ण माना जाता है। क्षेत्र में परमार कालीन स्थापत्य कला और मूर्तियों के संरक्षण के लिए जीर्णोद्धार कार्य किए जा रहे हैं। चतुर्भुज नाथ नाला के शैलचित्रों और प्रागैतिहासिक रॉक आर्ट के संरक्षण के साथ पुरातात्विक पर्यटन को बढ़ावा देने के प्रयास भी जारी हैं। गांधीसागर फ्लोटिंग फेस्टिवल, टेंट सिटी और वाटर स्पोर्ट्स जैसी गतिविधियों से स्थानीय युवाओं के लिए गाइड, हॉस्पिटैलिटी और हस्तशिल्प के क्षेत्र में रोजगार के अवसर विकसित किए जा रहे हैं। ऐसे में 18 नवंबर की डेस्टिनेशन कैबिनेट बैठक के जरिए गांधीसागर को ऊर्जा, पर्यटन, पर्यावरण और स्थानीय रोजगार के केंद्र के रूप में प्रस्तुत करने की तैयारी है।

Miss Universe 2026: ग्रैंड फिनाले से पहले बड़ा झटका, 15 देशों ने पीछे खींचे कदम; 6 एशियाई देशों पर लगा बैन

अनंत सिंह की बेटी की शाही शादी: अमेरिका-दुबई से आएंगे बाराती, बिहटा में बहू के स्वागत के लिए बना नया आशियाना

15 लाख का इनामी आतंकी लतीफ भट और 2 विदेशी दहशतगर्द! कुलगाम से किश्तवाड़ तक हाई अलर्ट, OGWs से पूछताछ जारी

रेलवे में 10वीं पास के लिए निकली बंपर भर्ती, न परीक्षा होगी न इंटरव्यू, जानें कैसे करें आवेदन

Explainer: दिल्ली में AQI का मीटर 500 पर क्यों रुक जाता है? प्रदूषण तो 1000 के पार, 5 बड़े कारण जानें