ज्योतिरादित्य सिंधिया की रानी लक्ष्मीबाई की जयंती पर पोस्ट से फिर छिड़ी बहस।
सिंधिया ने पूर्वज माधवराव सिंधिया प्रथम द्वारा रानी की समाधि बनवाने का किया जिक्र।
जून 1858 में रानी लक्ष्मीबाई, तात्या टोपे और राव साहब की सेना पहुंची थी ग्वालियर।
Scindia Family Political Controversy: केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया द्वारा महारानी लक्ष्मीबाई की जयंती पर किए गए पोस्ट ने एक बार फिर भारतीय इतिहास और मध्य प्रदेश की राजनीति के सबसे चर्चित अध्यायों में से एक को सुर्खियों में ला दिया है।
अपनी पोस्ट में सिंधिया ने रानी के बलिदान को नमन करने के साथ ही इस बात का विशेष उल्लेख किया कि उनके पूर्वज महाराजा माधवराव सिंधिया (प्रथम) ने ग्वालियर में रानी लक्ष्मीबाई की समाधि बनवाई थी।
इतिहास और सियासत के गलियारों में रानी लक्ष्मीबाई और सिंधिया परिवार के रिश्तों को लेकर दो बिल्कुल विपरीत पहलू देखने को मिलते हैं। एक तरफ 'विश्वासघात' के आरोप हैं, तो दूसरी तरफ 'सम्मान और स्मारक निर्माण' का दावा। आइए नवभारत स्टेट हेड सुधीर दंडोतिया से समझते है इस पूरे विवाद और कहानी के हर पहलू को:
1857 के स्वतंत्रता संग्राम के दौरान झांसी और कालपी में अंग्रेजों से लोहा लेने के बाद जून 1858 में महारानी लक्ष्मीबाई, तात्या टोपे और राव साहब अपनी सेना के साथ ग्वालियर पहुंचे। उस समय ग्वालियर की गद्दी पर महाराजा जयाजीराव सिंधिया (ज्योतिरादित्य सिंधिया के परदादा के पिता) आसीन थे।
जयाजीराव सिंधिया की ब्रिटिश ईस्ट इंडिया कंपनी के साथ संधि थी। जब रानी लक्ष्मीबाई ग्वालियर पहुंचीं। तब जयाजीराव सिंधिया की अपनी सेना का एक बड़ा हिस्सा बागी होकर क्रांतिकारियों के साथ मिल गया। स्थिति हाथ से निकलती देख महाराजा जयाजीराव ग्वालियर शहर छोड़कर अंग्रेजों की शरण में आगरा चले गए। इसके बाद ब्रिटिश जनरल ह्यू रोज ने ग्वालियर पर चौतरफा हमला किया।
17 और 18 जून 1858 को कोटा की सराय और फूलबाग क्षेत्र में अंग्रेजों से लड़ते हुए महारानी लक्ष्मीबाई वीरगति को प्राप्त हुईं।
1858 की इसी घटना को लेकर सिंधिया राजपरिवार पर समय-समय पर सवाल उठते रहे हैं।सुधीर दंडोतिया के मुताबिक वामपंथी इतिहासकारों और राजनीतिक विरोधियों का आरोप रहा है कि संकट की घड़ी में जयाजीराव सिंधिया ने देशभक्त क्रांतिकारियों का साथ देने के बजाय अंग्रेजों की मदद की।
कवयित्री सुभद्रा कुमारी चौहान की प्रसिद्ध पंक्तियों"अंग्रेजों के मित्र सिंधिया ने छोड़ी राजधानी थी, बुंदेले हरबोलों के मुंह हमने सुनी कहानी थी..." का इस्तेमाल अक्सर सिंधिया परिवार पर निशाना साधने के लिए किया जाता रहा है।
वंही सुधीर दंडोतिया की माने तो राजपरिवार के समर्थकों और कई इतिहासकारों का मानना है कि जयाजीराव सिंधिया ने यह कदम अपनी रियासत और ग्वालियर की आम जनता को अंग्रेजों के भीषण नरसंहार और बर्बादी से बचाने के लिए कूटनीति के तहत उठाया था। यह भी दावा किया जाता है कि रानी के बलिदान के बाद ब्रिटिश सैनिकों से बचाकर उनके पार्थिव शरीर का अंतिम संस्कार ग्वालियर के 'बाबा गंगादास की शाला' में साधुओं द्वारा किया गया, जिसमें स्थानीय प्रशासन और राजपरिवार का मौन सहयोग था।
ज्योतिरादित्य सिंधिया ने अपनी पोस्ट में जिस समाधि का जिक्र किया है, वह ग्वालियर के फूलबाग इलाके में स्थित है। 1858 में रानी के बलिदान के बाद कई दशकों तक उस स्थान पर कोई स्मारक नहीं बन सका, क्योंकि ब्रिटिश हुकूमत 1857 के नायकों की किसी भी निशानी को मिटा देना चाहती थी।
बाद में, 20वीं सदी की शुरुआत में ग्वालियर के तत्कालीन शासक महाराजा माधवराव सिंधिया (प्रथम) जो आधुनिक ग्वालियर के निर्माता भी माने जाते हैं। उन्होंने रानी लक्ष्मीबाई की वीरता के सम्मान में उस स्थान पर एक भव्य समाधि और छतरी का निर्माण करवाया। आज इसी स्थान पर हर साल 'बलिदान मेला' आयोजित होता है।
ग्वालियर-चंबल की राजनीति में रानी लक्ष्मीबाई का नाम और 1857 का इतिहास हमेशा से एक संवेदनशील चुनावी और वैचारिक मुद्दा रहा है। जब तक ज्योतिरादित्य सिंधिया कांग्रेस में थे। सुधीर दंडोतिया के मुताबिक तब तक भाजपा के कई नेता (जैसे प्रभात झा और जयभान सिंह पवैया) 1857 के इतिहास का हवाला देकर सिंधिया परिवार पर तीखे हमले करते थे। मार्च 2020 में सिंधिया के भाजपा में शामिल होने के बाद सियासी समीकरण पूरी तरह बदल गए।
दिसंबर 2021 में ज्योतिरादित्य सिंधिया ने स्वयं ग्वालियर स्थित रानी लक्ष्मीबाई की समाधि पर जाकर पुष्पांजलि अर्पित की थी, जिसे भारतीय राजनीति में एक ऐतिहासिक 'यू-टर्न' और पुरानी कड़वाहट को पीछे छोड़ने के संकेत के रूप में देखा गया। अब जयंती या बलिदान दिवस पर पूर्वजों द्वारा बनवाई गई समाधि का उल्लेख करना, उस ऐतिहासिक विवाद का जवाब देने और राजपरिवार की छवि को राष्ट्रवाद के साथ जोड़ने की एक सोची-समझी कवायद माना जाता है।