Highlights :
ग्वालियर में इस महीने के अंत में टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग जोन का शुभारंभ प्रस्तावित।
परियोजना में 6,500 से 7,000 करोड़ रुपये के निवेश का लक्ष्य।
करीब 18 हजार रोजगार के अवसर मिलने का दावा।
ग्वालियर में अत्याधुनिक इंटरनेशनल टेस्टिंग लैब बनेगी।
कांग्रेस की भविष्यवाणियों पर कसा तंज
Gwalior Telecom Manufacturing Zone : केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने ग्वालियर के औद्योगिक विकास को लेकर बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि इस महीने के अंत तक ग्वालियर में देश के पहले टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग जोन का भव्य शुभारंभ किया जाएगा। इसके लिए केंद्रीय गृह मंत्री से कार्यक्रम की तारीख मिलने का इंतजार है। इस परियोजना में 6500 से 7000 करोड़ रुपये तक के निवेश का लक्ष्य रखा गया है। सिंधिया के मुताबिक यहां 25 से 30 औद्योगिक इकाइयां स्थापित होंगी और करीब 18 हजार रोजगार के अवसर पैदा होंगे।
सिंधिया ने बताया कि केंद्र और एमपी सरकार के संयुक्त प्रयासों से ग्वालियर में टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग जोन विकसित किया जा रहा है। यहां अत्याधुनिक इंटरनेशनल टेस्टिंग लैब भी स्थापित की जाएगी। बेंगलुरु, मुंबई और दिल्ली में आयोजित रोड शो के बाद निवेश को लेकर उद्योगपतियों में उत्साह देखने को मिला है। उन्होंने कहा कि ये परियोजना ग्वालियर को औद्योगिक हब बनाने की दिशा में बड़ा कदम साबित हो सकती है। इससे क्षेत्र में उद्योगों के विस्तार के साथ स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी तैयार होंगे।
केंद्रीय मंत्री 13 नवंबर को सीएम मोहन यादव के साथ शिवपुरी जिले के पिछोर में रहेंगे। वे शिवपुरी के चार दिवसीय प्रवास पर रहेंगे। इस दौरान जिले को करीब 160 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की सौगात देने की तैयारी है।
सिंधिया ने ग्वालियर में चल रहे और प्रस्तावित विकास कार्यों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन, एलिवेटेड रोड और हजार बिस्तरों का अस्पताल शहर के विकास की नई नींव तैयार कर रहे हैं। इसके अलावा करीब 5500 करोड़ रुपये की लागत से आगरा ग्वालियर हाईस्पीड कनेक्टिविटी कॉरिडोर बनने जा रहा है। चंबल से ग्वालियर तक पानी लाने की योजना पर भी काम जारी है। इन परियोजनाओं से शहर की कनेक्टिविटी, स्वास्थ्य सुविधाओं और बुनियादी ढांचे को मजबूती मिलने की उम्मीद है।
आगामी पांच राज्यों में जनवरी में संभावित विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस द्वारा किए जा रहे जीत के दावे से जुड़े सवाल पर सिंधिया ने कांग्रेस पार्टी पर तंज कसा। सिंधिया ने कहा कि कांग्रेस हर साल, नए साल पर नया आगाज करती है। भगवान के आशीर्वाद से हर साल नए साल का आगाज पृथ्वी पर होता है। वहीं कांग्रेस की जो सदैव भविष्यवाणी होती है। शायद गलत ज्योतिष के पास कई वर्षों से कांग्रेस जा रही है। उन्हें अपने ज्योतिष को बदलने की जरूरत है।
सिंधिया ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत 2047 के संकल्प को पूरा करने की बात कही। उन्होंने दावा किया कि पिछले 12 से 20 वर्षों के दौरान देश के 50 करोड़ लोगों को गरीबी रेखा से ऊपर उठाया गया है। उनके मुताबिक देश में विकास और आर्थिक प्रगति की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।