

Khandwa Residents Demand Shifting of Dumping Ground : खंडवा के बीचों-बीच संचालित ट्रेंचिंग ग्राउंड के खिलाफ प्रेमनगर और आसपास की कॉलोनियों के रहवासियों का गुस्सा एक बार फिर फूट पड़ा। सियाराम चौक पर लोगों ने जोरदार विरोध प्रदर्शन कर ट्रेंचिंग ग्राउंड को आबादी क्षेत्र से हटाकर शहर के बाहर शिफ्ट करने की मांग की है। रहवासियों का कहना है कि कचरे के ढेर, धुआं और तेज दुर्गंध ने उनका जीना मुश्किल कर दिया है।
प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि ट्रेंचिंग ग्राउंड से लगातार उठने वाले धुएं और दुर्गंध का असर आसपास रहने वाले लोगों की सेहत पर पड़ रहा है। लोगों के मुताबिक, आंखों में जलन और सांस लेने में परेशानी जैसी शिकायतें सामने आ रही हैं। छोटे बच्चों और बुजुर्गों को ज्यादा परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। रहवासियों ने कहा कि घरों में रहना तक मुश्किल हो गया है।
रहवासियों ने बताया कि साल 2018 में भी ट्रेंचिंग ग्राउंड हटाने की मांग को लेकर बड़ा आंदोलन किया गया था। उस दौरान लोगों ने भूख हड़ताल की थी और विभिन्न सामाजिक संगठनों ने भी समर्थन दिया था। प्रदर्शन के बाद तत्कालीन कलेक्टर और एसडीएम ने भूख हड़ताल समाप्त करवाते हुए दो साल के भीतर ट्रेंचिंग ग्राउंड को हटाकर सिंहाड़ा नदी के पास स्थानांतरित करने का आश्वासन दिया था। रहवासियों का कहना है कि ये वादा अब तक पूरा नहीं हुआ।
ट्रेंचिंग परिसर में करीब 22 करोड़ रुपये की नई मशीनरी और परियोजना लगाने की योजना को लेकर भी लोगों ने सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि जब इस जगह को आबादी से दूर स्थानांतरित करने का आश्वासन दिया गया था, तो फिर यहां इतनी बड़ी राशि खर्च करने की योजना क्यों बनाई जा रही है। रहवासियों की मांग है कि नई परियोजना पर आगे बढ़ने से पहले ट्रेंचिंग ग्राउंड को शहर से बाहर ले जाने का फैसला किया जाए।
खंडवा में प्रदर्शन के दौरान प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन और सरकार से पुराने आश्वासन को पूरा करने और ट्रेंचिंग ग्राउंड को आबादी से दूर शिफ्ट करने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी कि जल्द समाधान नहीं हुआ तो क्षेत्र के लोग फिर आंदोलन करेंगे। रहवासियों का कहना है कि उनके घर इसी इलाके में हैं और वे कहीं दूसरी जगह नहीं जा सकते। ऐसे में स्वच्छ हवा और स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की जिम्मेदारी है।