Navbharat Live Exclusive Ground Report: भोपाल के मंडीदीप रोड पर पुलिस द्वारा वाहन चेकिंग की जा रही है। सड़क पर तैनात एसआई प्रभाकर और अन्य पुलिसकर्मी बिना हेलमेट, बिना नंबर प्लेट और नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर चालानी कार्रवाई कर रहे थे।
इसी दौरान जब नवभारत टीम की नजर वहां खड़ी पुलिसकर्मियों की गाड़ियों पर पड़ी, तो चार में से दो मोटरसाइकिलों पर आगे और पीछे दोनों तरफ नंबर प्लेट नहीं थी। हैरानी की बात यह रही कि नंबर प्लेट की जगह गाड़ियों पर बड़े अक्षरों में सिर्फ 'पुलिस' लिखा हुआ था।
जब इस बारे में मौके पर मौजूद एसआई प्रभाकर से सवाल किया गया, तो उन्होंने अपनी गाड़ी के नियमों के अनुरूप होने की बात कही। लेकिन मौके पर मौजूद अन्य पुलिसकर्मियों की बिना नंबर प्लेट वाली गाड़ियों को लेकर कोई स्पष्ट जवाब नहीं दे सके।
हालांकि, नवभारत लाइव के सवाल उठाने के बाद संबंधित आरक्षक ने अपनी गलती स्वीकार की और अपनी ही बाइक का चालान भी मौके पर काटा। यह कार्रवाई इस बात का संदेश जरूर देती है कि कानून सभी के लिए बराबर होना चाहिए और नियमों का पालन पुलिसकर्मियों को भी उतनी ही गंभीरता से करना चाहिए, जितना आम नागरिकों से अपेक्षित है।
एसआई प्रभाकर ने आम लोगों से अपील की कि सभी वाहन चालक ट्रैफिक नियमों का पालन करें और हेलमेट पहनकर ही वाहन चलाएं। उनका कहना है कि हेलमेट केवल चालान से बचने के लिए नहीं, बल्कि जीवन की सुरक्षा के लिए जरूरी है।
यह भी पढ़ें: MP में मूंग खरीदी पर रार: केंद्र बोला- पहले स्वीकृत कोटा पूरा करो; नर्मदापुरम से भोपाल तक 'क्रांति मार्च'
नियमों का पालन कराने निकली भोपाल पुलिस की टीम में जब खुद कुछ वाहनों पर नंबर प्लेट नहीं मिली, तो सवाल उठना लाज़िमी है कि कानून का पालन पहले कौन करेगा? हालांकि नवभारत के सवाल के बाद संबंधित आरक्षक ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए अपनी बाइक का चालान भी कराया।