Highlights:
वैशाली नगर में दूषित पानी की शिकायत पर नगर निगम अध्यक्ष का जवाब।
किशन सूर्यवंशी बोले- बेवजह फैलाई गई सनसनी, पानी में कोई समस्या नहीं।
रहवासी विवेक कुमार राय ने पानी में E. coli बैक्टीरिया मिलने का किया था दावा।
निगम अध्यक्ष ने कहा- कई बार लिए गए सैंपल, जांच में बैक्टीरिया नहीं मिला।
Vaishali Nagar Bhopal Dirty Water Complaint : राजधानी भोपाल के वैशालीनगर में सप्लाई होने वाले पानी में E. coli बैक्टीरिया होने के दावे से सनसनी फैल गई। अब इस मामले में नगर निगम अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी ने सफाई दी है। उन्होंने रहवासी विवेक कुमार राय के दावों को खारिज करते हुए कहा कि इलाके में पानी की गुणवत्ता को लेकर कोई समस्या नहीं है।
इसी इलाके में रहने वाले सूर्यवंशी ने कहा कि ये बेवजह फैलाई गई सनसनी है। उनके मुताबिक, उन्होंने खुद मौके पर जाकर स्थिति का जायजा लिया है और नगर निगम की ओर से कई बार पानी के सैंपल लेकर जांच भी कराई गई है, जिसमें कोई बैक्टीरिया नहीं मिला। बता दें कि E. coli बैक्टीरिया के कारण इंदौर के भागीरथपुरा में कई लोगों की जान चली गई थी।
भोपाल नगर निगम अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी ने कहा कि वैशाली नगर में पानी की सप्लाई को लेकर जिस तरह की बातें सामने आ रही हैं, वैसी कोई स्थिति मौके पर नहीं मिली। उन्होंने बताया कि वे खुद क्षेत्र में जाकर पानी की व्यवस्था देख चुके हैं। निगम की ओर से भी अलग-अलग मौकों पर पानी के नमूने लिए गए हैं। जांच रिपोर्ट में किसी तरह के बैक्टीरिया की पुष्टि नहीं हुई है।
वैशाली नगर निवासी विवेक कुमार राय ने आरोप लगाया था कि उनके इलाके में करीब एक साल से नलों के जरिए गंदा पानी पहुंच रहा है। कई बार नगर निगम में शिकायत करने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ। इसके बाद उन्होंने खुद पानी का सैंपल जांच के लिए भेजा था। उनका दावा था कि रिपोर्ट में E. coli बैक्टीरिया की मौजूदगी सामने आई है।
वैशाली नगर उसी क्षेत्र में आता है, जहां नगर निगम अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी का निवास है और वे इस क्षेत्र के पार्षद भी हैं। ऐसे में स्थानीय रहवासी की शिकायत के बाद मामला और चर्चा में आ गया था। अब निगम अध्यक्ष ने इन आरोपों को गलत बताते हुए निगम की जांच रिपोर्ट का हवाला दिया है। हालांकि, नगर निगम ने अभी तक कोई जांच रिपोर्ट सार्वजनिक नहीं की है।