स्थानीय लोगों का प्रदर्शन (फोटो सोर्स- नवभारत) 
भोपाल

भोपाल में 15 साल से सड़क का इंतजार: नाराज रहवासियों ने कीचड़ भरी सड़क पर बो दिया धान, जल्द रोड बनवाने की मांग

Bhopal Road News : भोपाल के स्वर्ण कुंज कॉलोनी में 15 साल से सड़क नहीं बनने से नाराज रहवासियों ने कीचड़ भरी सड़क पर धान की रोपाई कर अनोखा विरोध प्रदर्शन किया और जल्द निर्माण की मांग की।

प्रीतेश जैन

Bhopal Swarn Kunj Road Protest: राजधानी भोपाल की हुजूर विधानसभा क्षेत्र स्थित स्वर्ण कुंज कॉलोनी में सड़क निर्माण की मांग को लेकर रहवासियों का गुस्सा अनोखे प्रदर्शन के रूप में सामने आया। करीब 15 वर्षों से सड़क नहीं बनने से नाराज लोगों ने कीचड़ और जलभराव से भरे रास्ते पर धान की रोपाई कर प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के खिलाफ विरोध जताया। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिलाएं, पुरुष और बच्चे शामिल हुए। लोगों का कहना था कि जब सड़क नहीं बन रही है तो इस रास्ते को खेत ही मान लिया जाए।

प्रदर्शन कर रहे रहवासियों ने आरोप लगाया कि पिछले कुछ वर्षों में सड़क निर्माण के लिए दो बार भूमिपूजन किया जा चुका है, लेकिन आज तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ। हर बारिश के मौसम में पूरी कॉलोनी की सड़कें कीचड़ और जलभराव से भर जाती हैं, जिससे लोगों का घरों से निकलना तक मुश्किल हो जाता है। उनका कहना है कि बार-बार शिकायतों और मांगों के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया।

स्कूल जाने वाले बच्चों को सबसे ज्यादा परेशानी

रहवासियों ने बताया कि सड़क नहीं होने का सबसे ज्यादा असर बच्चों की पढ़ाई पर पड़ रहा है। प्रदर्शन में शामिल एक महिला ने बताया कि उनका बेटा 12वीं कक्षा का छात्र है, लेकिन खराब सड़क के कारण स्कूल बस कॉलोनी तक नहीं आती। उन्होंने दावा किया कि एक बार परीक्षा के दौरान खराब रास्ते और दलदल की वजह से उनका बेटा समय पर परीक्षा केंद्र नहीं पहुंच सका, जिससे उसका एक पेपर छूट गया। लोगों का कहना है कि रोजाना स्कूल जाने वाले बच्चों के कपड़े और जूते कीचड़ से खराब हो जाते हैं।

सड़क को बताया मूलभूत सुविधा, जल्द निर्माण की मांग

रहवासियों ने कहा कि सड़क किसी राजनीतिक दल या चुनावी मुद्दे का विषय नहीं, बल्कि हर नागरिक का बुनियादी अधिकार है। उनका कहना है कि वर्षों से केवल आश्वासन दिए जा रहे हैं, लेकिन जमीन पर कोई काम दिखाई नहीं देता। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से जल्द सड़क निर्माण शुरू करने और कॉलोनीवासियों को जलभराव एवं कीचड़ की समस्या से राहत दिलाने की मांग की।

समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन होगा तेज

स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द सड़क निर्माण का कार्य शुरू नहीं हुआ तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह प्रदर्शन प्रशासन का ध्यान आकर्षित करने के लिए किया गया है और यदि समस्या का समाधान नहीं हुआ तो आने वाले दिनों में बड़े स्तर पर जन आंदोलन किया जाएगा। फिलहाल प्रदर्शन के बाद प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

राजभर के बंटवारे वाले बयान पर सपा सांसद की दो टूक, बोले- यह सिर्फ दिवास्वप्न, युवाओं के दम पर संवरेगा UP

IIT में क्यों टूट रही छात्रों की सांसें? 20 साल में 171 मौतें, क्या डिप्रेशन और तनाव से जूझ रहे हैं IITian

Ayodhya Ram Mandir: राम मंदिर में 105 बार चोरी हुई, CCTV से खुला राज; 25 सितंबर तक चार्जशीट दाखिल करेगी SIT

जमुई छात्रा से छेड़खानी! वायरल VIDEO के बाद महिला आयोग सख्त; SP को दिए गिरफ्तारी के निर्देश

भारत-न्यूजीलैंड के बीच फ्री ट्रेड समझौते को हरी झंडी, दशहरा पर 20 अक्टूबर से होगा लागू; पीयूष गोयल ने की घोषणा