Highlights :
भोपाल के बागसेवनिया में 22 वर्षीय युवती से अभद्रता का मामला।
रैपिडो ऑटो चालक पर अश्लील तस्वीरें भेजने का आरोप।
अतिरिक्त किराए को लेकर विवाद के बाद युवती को रास्ते में उतारा।
युवती ने थाने के बाद सीएम हेल्पलाइन पर की शिकायत।
Bhopal Rapido Driver Harassment Case : राजधानी भोपाल के बागसेवनिया थाना क्षेत्र में रैपिडो ऑटो चालक पर 22 वर्षीय युवती को व्हाट्सऐप पर अश्लील तस्वीरें भेजने और अभद्रता करने का आरोप लगा है। युवती ने बागसेवनिया से हबीबगंज जाने के लिए ऑटो बुक किया था। आरोप है कि ज्यादा किराया मांगने पर हुए विवाद के बाद चालक ने उस पर राइड कैंसिल करने का दबाव बनाया।
युवती के इनकार करने पर उसे रास्ते में उतार दिया और बाद में गाली गलौज के साथ अश्लील तस्वीरें भेजीं। शिकायत के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के हिसाब से युवती 20 नवंबर को हबीबगंज में शॉपिंग के लिए रैपिडो से ऑटो बुक करके निकली थी। आरोप है कि बुकिंग के बाद चालक ने तय किराए से अधिक पैसे मांगे। युवती ने अतिरिक्त रकम देने से इनकार किया तो चालक ने रास्ता भटकने का हवाला देकर दोबारा ज्यादा किराया मांगा। इस पर दोनों के बीच विवाद हो गया। युवती के विरोध करने पर चालक ने गाली गलौज शुरू कर दी और राइड कैंसिल करने का दबाव बनाया।
युवती के मुताबिक रैपिडो राइड कैंसिल करने से इनकार करने पर चालक ने उसे रास्ते में ही उतार दिया। इसके बाद वे लगातार फोन करता रहा और व्हाट्सऐप पर अपने गुप्तांग की तस्वीरें भेजीं। आरोप है कि चालक ने धर्म को लेकर भी आपत्तिजनक टिप्पणी की जिसमे उसने कहा 'तुम हिंदू लड़कियां होती ही ऐसी हो...'। जिसके बाद लगातार फोन और अश्लील मैसेज करने से युवती मानसिक रूप से परेशान हो गई।
युवती ने घटना के बाद बागसेवनिया थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दी थी। उसका आरोप है कि पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन देकर उसे वापस भेज दिया लेकिन पांच दिन से अधिक समय बीतने के बाद भी उसे कार्रवाई की जानकारी नहीं मिली। इसके बाद युवती ने सीएम हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत दोबारा थाने पहुंचने के बाद पुलिस ने युवती के बयान दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस की ओर से कार्रवाई में देरी का आरोप लगाते हुए युवती ने जिला भेल बजरंग दल के कार्यकर्ताओं से संपर्क किया था। उनके सहयोग से वे दोबारा थाने पहुंची। जानकारी मिलने पर संगठन के कार्यकर्ता भी बागसेवनिया थाने पहुंचे और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
आरोपी की पहचान करोंद निवासी ऑटो चालक मोहम्मद मुस्तकीन के रूप में बताई गई है। उसे हिरासत में लिए जाने की जानकारी सामने आई है। पुलिस आरोपी के मोबाइल फोन और व्हाट्सऐप चैट की जांच कर रही है ताकि युवती को भेजे गए संदेशों और तस्वीरों से जुड़े डिजिटल सबूत जुटाए जा सकें। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।