भोपाल मेट्रो के फेरे बढ़ेंगे (फोटो सोर्स- सोशल मीडिया)
भोपाल

Bhopal Metro: 17 अगस्त से बदलेगा शेड्यूल, हर 15 मिनट में मिलेगी मेट्रो, एक दिन में लगेंगे 70 फेरे

Bhopal Metro Timing : भोपाल मेट्रो का नया शेड्यूल 17 अगस्त से लागू होगा। हर 15 मिनट में मेट्रो मिलेगी। रविवार और सार्वजनिक अवकाश पर 70 फेरे और सप्ताह के बाकी दिनों में 62 फेरे होंगे।

प्रीतेश जैन

Bhopal Metro New Schedule : भोपाल मेट्रो के यात्रियों के लिए बड़ी खबर है। 17 अगस्त से मेट्रो की नई समय-सारणी लागू होने जा रही है। इसके तहत सप्ताह के सभी दिनों में यात्रियों को हर 15 मिनट के अंतराल पर मेट्रो सेवा उपलब्ध होगी। अब मेट्रो के एक दिन में अधिकतम 70 फेरे लगाए जाएंगे। नई व्यवस्था के बाद पीक ऑवर्स में यात्रियों को मेट्रो के लिए लंबे इंतजार से राहत मिलेगी।

नई समय-सारणी के अनुसार सोमवार से शनिवार तक सुभाष नगर स्टेशन से पहली मेट्रो सुबह 11.30 बजे रवाना होगी, जबकि एम्स स्टेशन से पहली मेट्रो दोपहर 12 बजे चलेगी। इन दिनों मेट्रो सेवा सुबह 11.30 बजे से शाम 7.30 बजे तक संचालित होगी। सुभाष नगर से अंतिम मेट्रो शाम 7 बजे और एम्स से अंतिम मेट्रो शाम 7.30 बजे रवाना होगी। सोमवार से शनिवार तक दोनों दिशाओं को मिलाकर कुल 62 फेरे लगाए जाएंगे।

रविवार और सार्वजनिक अवकाश पर 70 फेरे

रविवार और सार्वजनिक अवकाश वाले दिनों में मेट्रो का संचालन सुबह 11.30 बजे से रात 8.30 बजे तक होगा। सुभाष नगर से अंतिम मेट्रो रात 8 बजे और एम्स स्टेशन से अंतिम मेट्रो रात 8.30 बजे रवाना होगी। इन दिनों दोनों दिशाओं को मिलाकर मेट्रो के कुल 70 फेरे संचालित किए जाएंगे। यात्रियों को पूरे परिचालन समय में 15 मिनट के अंतराल पर मेट्रो उपलब्ध कराने की योजना है।

यात्रियों की कमी के चलते पहले बदला था शेड्यूल

भोपाल में मेट्रो सेवा शुरू होने के बाद परिचालन समय में कई बदलाव किए गए हैं। पहले सुबह 9.30 बजे से मेट्रो सेवा शुरू की जा रही थी, लेकिन यात्रियों की संख्या अपेक्षा के अनुरूप नहीं मिलने के बाद समय-सारणी में बदलाव किया गया। अब नई व्यवस्था में फ्रीक्वेंसी बढ़ाने के साथ परिचालन को यात्रियों की जरूरत के मुताबिक व्यवस्थित करने पर जोर दिया गया है।

सिग्नलिंग सिस्टम से बढ़ी मेट्रो की रफ्तार

भोपाल मेट्रो के परिचालन में बड़ा बदलाव सिग्नलिंग सिस्टम शुरू होने के बाद आया है। कमिश्नर ऑफ मेट्रो रेल सेफ्टी (CMRS) से जुलाई में सिग्नलिंग सिस्टम को मंजूरी मिलने के बाद 25 जुलाई से मेट्रो दोनों ट्रैक पर संचालित हो रही है। इससे पहले केवल एक ट्रैक पर मेट्रो चलने के कारण एक ट्रेन के स्टेशन से निकलने के बाद दूसरी ट्रेन के लिए करीब 75 मिनट तक इंतजार करना पड़ता था। दोनों ट्रैक पर संचालन शुरू होने के बाद अब फ्रीक्वेंसी बढ़ाने का रास्ता साफ हुआ है।

800 करोड़ के सिस्टम से डिजिटल टिकटिंग तक सुविधा

सुभाष नगर से एम्स भोपाल के बीच करीब 30 किलोमीटर के प्रायोरिटी कॉरिडोर के लिए करीब 800 करोड़ रुपए के सिग्नलिंग सिस्टम प्रोजेक्ट का पहला चरण पूरा हुआ है। यात्रियों की सुविधा के लिए मेट्रो प्रबंधन ने प्रमोशनल डिस्काउंट पॉलिसी भी लागू की है। रिटर्न जर्नी टिकट पर 5 प्रतिशत और ग्रुप टिकट पर 10 प्रतिशत छूट दी जा रही है। वहीं एमपीएमआरसीएल मोबाइल ऐप से ई-वॉलेट रिचार्ज करने पर 8 से 15 प्रतिशत तक बोनस मिलेगा। यात्रियों के लिए मेट्रो के निर्धारित प्रस्थान समय से 15 मिनट पहले स्टेशन खोलने की व्यवस्था भी की गई है, ताकि सुरक्षा जांच और प्लेटफॉर्म तक पहुंचने के लिए पर्याप्त समय मिल सके।

नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद के खिलाफ गैर-जमानती वारंट, 8 साल पुराने केस में कोर्ट की बड़ी कार्रवाई

Amit Shah Bhopal Visit: गोपालक सम्मेलन से डेयरी परियोजनाओं तक, जानें 3 अक्टूबर का पूरा कार्यक्रम

आज से तमिलनाडु में महिलाओं और बालिकाओं के लिए ‘विक्ट्री जर्नी स्कीम’, मुख्यमंत्री विजय का ये है नया ऐलान

INDIA Bloc Protest: आज से सेव डेमोक्रेसी आंदोलन की शुरुआत, दिल्ली में ये 11 मेट्रो स्टेशन रहेंगे बंद

No UPI Day: इसलिए व्यापारियों ने रद्द की है हड़ताल, जानिए निर्मला सीतारमण ने बैठक में क्या दिया आश्वासन