Highlights :
बालाघाट के लालबर्रा में बाघ के हमले से 12 वर्षीय सौरभ मरकाम की मौत।
मां के शोर मचाने पर बाघ बच्चे को छोड़कर जंगल में भागा।
गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाए गए बालक ने उपचार के दौरान दम तोड़ा।
परिवार को 8 लाख रुपए सहायता और तत्काल 50 हजार रुपए राहत देने की प्रक्रिया।
Balaghat Tiger Attack 12 Year Old Boy Death : बालाघाट जिले के दक्षिण सामान्य वन मंडल के लालबर्रा परिक्षेत्र में बाघ के हमले से 12 वर्षीय बालक की मौत हो गई। कल्याणपुर बीट के कक्ष क्रमांक 427 भाग 2 में सर्राटी नदी के किनारे बाघ ने बच्चे पर हमला कर उसे घसीटने की कोशिश की। मां के शोर मचाने और अन्य मजदूरों के मौके पर पहुंचने पर बाघ उसे छोड़कर जंगल में भाग गया। गंभीर रूप से घायल बालक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लालबर्रा ले जाया गया जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार ग्राम कलेगांव तहसील बैहर निवासी सुखचंद मरकाम अपनी पत्नी गुड्डी बाई और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ करीब 15 दिनों से कल्याणपुर बीट में कूप कटाई और लकड़ी बांस से जुड़े काम के लिए पहुंचे थे। घटना वाले दिन दोपहर करीब 2 बजे भोजन के बाद मजदूर काम में जुटे थे और 12 वर्षीय सौरभ मरकाम पास में खेल रहा था। इसी दौरान अचानक बाघ ने उस पर हमला कर दिया और उसे घसीटते हुए जंगल की ओर ले जाने लगा।
बालाघाट जिले की घटना में बाघ को बच्चे पर हमला करते देख मां गुड्डी बाई ने जोर जोर से आवाज लगाई। शोर सुनकर आसपास काम कर रहे अन्य मजदूर भी मौके की ओर दौड़े। लोगों के इक्टठा होने पर बाघ घायल सौरभ को छोड़कर जंगल की तरफ भाग गया। परिजनों ने लहूलुहान बच्चे को गमछे में लपेटकर वाहन से टेकाड़ी बैरियर तक पहुंचाया। वहां से वन विभाग के वाहन में उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लालबर्रा ले जाया गया लेकिन डॉक्टरों की कोशिशों के बावजूद उसकी जान नहीं बच सकी।
सौरभ की मां गुड्डी बाई मरकाम ने बताया कि घटना के समय काका काकी और अन्य मजदूर आसपास मौजूद थे लेकिन वन विभाग का कोई अधिकारी या वनरक्षक मौके पर नहीं था। उन्होंने बताया कि बाघ के हमले के बाद शोर मचाकर उसे भगाने की कोशिश की और फिर बच्चे को अस्पताल पहुंचाया। घटना के बाद क्षेत्र में शोक के साथ वन विभाग की व्यवस्था को लेकर नाराजगी भी देखी जा रही है।
लालबर्रा परिक्षेत्र अधिकारी वेदांत कुमार गौतम के मुताबिक दोपहर करीब 3 बजे सुरक्षा श्रमिक से फोन पर बच्चे पर बाघ के हमले की सूचना मिली थी। सूचना के बाद परिक्षेत्र सहायक मौके पर पहुंचे लेकिन तब तक घायल बालक को टेकाड़ी बैरियर लाया जा चुका था। रेंजर ने बताया कि जंगल क्षेत्र में काम के लिए बच्चों को साथ ले जाने की अनुमति नहीं है। विभाग के अनुसार एक दिन पहले ही मौके पर बच्चों को हटाने का आग्रह किया गया था और मजदूरों ने उन्हें रात में वहां से ले जाने की बात कही थी।
बालक की मौत की सूचना पर वन विभाग के अधिकारी और लालबर्रा थाना पुलिस सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। बीएमओ डॉ रितु धुर्वे ने पोस्टमार्टम किया जिसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। रेंजर गौतम ने बताया कि सरकारी प्रावधान के तहत पीड़ित परिवार को 8 लाख रुपए की सहायता राशि दी जाएगी। इसके अलावा उपवन मंडल अधिकारी के आदेश पर तत्काल राहत के रूप में 50 हजार रुपए प्रदान किए जा रहे हैं।