मुरैना में वन भूमि पर अवैध खनन का खुलासा,माफिया ने पहाड़ी खोदकर निकाले पत्थर, अब गड्ढे भरने में जुटा वन विभाग!

Morena Illegal Mining : मुरैना के बानमोर में वन भूमि पर 8 से 10 अवैध खदानें होने का आरोप। पहाड़ी पर 15 20 फीट गहरे गड्ढों को जेसीबी से भरवाते वन विभाग की कार्रवाई कैमरे में कैद।
Morena forest land mining
पहाड़ी से पत्थर निकलने के बाद अब गड्ढों को जेसीबी से भरवाते वन विभाग के अधिकारी फोटो सोर्स - नवभारत
Published on: 
Updated on: 

Morena Banmore Forest Land Illegal Mining Case : मुरैना में वन विभाग की कार्यप्रणाली एक बार फिर सवालों के घेरे में है। इस बार मामला सामान्य वन मंडल मुरैना के बानमोर स्थित पहाड़ी चौकी का है । जहां वन भूमि पर अवैध रूप से पत्थर की 8 से 10 खदानें संचालित होने का मामला सामने आया है। इन खदानों से माफिया बड़े बड़े पत्थर के ब्लॉक निकालकर क्रेशर प्लांट तक पहुंचाते रहे और जिम्मेदारों को इसकी भनक तक नहीं लगी।

हैरानी की बात तो ये है कि अब जब इन खदानों के गहरे गड्ढे सामने आए हैं तो वन विभाग तीन से चार जेसीबी मशीनों की मदद से इन्हें बंद कराने में जुटा हुआ है। नवभारत लाइव की टीम मौके पर पहुंची तो वन विभाग के अधिकारियों में ऐसी हलचल मची कि कैमरा देखते ही अधिकारी मुंह छिपाकर भागने लगे।

4 किलोमीटर दूर वन भूमि पर खनन का आरोप

मुरैना मुख्यालय से करीब 24 किलोमीटर दूर बानमोर की पहाड़ी चौकी के पास स्थित वन क्षेत्र में पत्थरों के अवैध उत्खनन का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि यहां करीब 8 से 10 स्थानों पर खदानें बनाकर पत्थर के बड़े बड़े ब्लॉक निकाले गए। इन पत्थरों को मुरैना, ग्वालियर और बानमोर के आसपास स्थित क्रेशर प्लांट तक पहुंचाया जाता था।

क्रेशर में कटिंग के बाद पत्थरों की सप्लाई अलग अलग महानगरों में किए जाने की बात कही जा रही है।

15 से 20 फीट गहरे गड्ढे

पहाड़ी पर पत्थर निकालने के लिए गहरी खुदाई की गई है। मौके पर करीब 15 से 20 फीट तक गहरे गड्ढे दिखाई दिए। अब वन विभाग जेसीबी मशीनों की मदद से इन गड्ढों को मिट्टी डालकर बंद करा रहा था। सवाल उठ रहा है कि यदि वन भूमि पर इतने बड़े स्तर पर खुदाई हुई तो विभाग की निगरानी व्यवस्था को इसकी जानकारी पहले क्यों नहीं लगी।

ये भी जांच का विषय है कि खनन किसकी अनुमति से हुआ और इससे वन भूमि को कितना नुकसान पहुंचा है।

कैमरा देखते ही रुका काम वनकर्मी मौके से हटे

जब नवभारत लाइव की टीम मौके पर पहुंची तो पहाड़ी पर जेसीबी से गड्ढे भरने का काम चल रहा था। टीम का कैमरा चालू होते ही मौके पर मौजूद वन विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों में हलचल दिखाई दी। आरोप है कि कुछ वनकर्मी मुंह ढंककर वहां से जाने लगे और जेसीबी का काम भी रुकवा दिया गया। हालांकि टीम ने मौके की तस्वीरें और पूरा घटनाक्रम कैमरे में रिकॉर्ड किया।

डिप्टी रेंजर बोले- खदान नहीं, रास्ता बंद करा रहे

मौके पर मौजूद डिप्टी रेंजर सोनू सिकरवार ने नवभारत लाइव की टीम से पूछा कि वे किसकी अनुमति से वहां पहुंची है और अपना पहचान पत्र दिखाए। जब टीम ने वन भूमि पर पत्थर निकालने को लेकर सवाल दागे तो डिप्टी रेंजर ने वहां खदान होने से इनकार करने लगे। उनका कहना था कि कुछ लोग रास्ता बना रहे थे जिसे अब बंद कराया जा रहा है।

इस पर मीडिया टीम ने सवाल उठाया कि यदि वहां सिर्फ रास्ता बनाया जा रहा था तो 15 से 20 फीट गहरे गड्ढे कैसे बने और पत्थरों के बड़े बड़े ब्लॉक कहां गए।

डीएफओ से नहीं हो सका संपर्क

मामले को लेकर नवभारत लाइव की टीम ने डीएफओ हरिश्चंद्र बघेल से भी संपर्क करने की कोशिश की लेकिन उनका कॉल रिसीव नहीं हुआ। इस वजह से विभाग के वरिष्ठ अधिकारी का पक्ष सामने नहीं आ सका है। फिलहाल ये स्पष्ट नहीं है कि गड्ढे भरने की कार्रवाई किस आदेश के तहत की जा रही थी और अवैध खनन को लेकर विभाग ने अब तक क्या कार्रवाई की है।

Morena forest land mining
MP Police Exam Postponed : MP पुलिस आरक्षक भर्ती परीक्षा स्थगित, 7.51 लाख अभ्यर्थियों को झटका, आएगी नई तारीख

जांच और जिम्मेदारी पर उठे सवाल

वन भूमि पर 8 से 10 खदानें संचालित होने और वहां से बड़े पैमाने पर पत्थर निकाले जाने के आरोपों ने वन विभाग की निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब जांच में ये स्पष्ट होना जरूरी है कि खुदाई किसने कराई निकाले गए पत्थरों को कहां पहुंचाया गया और इस दौरान संबंधित अधिकारियों की क्या भूमिका रही। साथ ही ये भी सामने आना चाहिए कि खनन में शामिल लोगों के खिलाफ क्या कार्रवाई की गई है।