Causes Of Weight Gain: अधिक वजन और मोटापे को स्वास्थ्य के लिए सबसे बड़ा खतरा माना जाता है और इसका असर सभी उम्र के लोगों पर होता है। गड़बड़ खानपान, तनाव, व्यस्त दिनचर्या और शारीरिक गतिविधि का कम होना मोटापे को बढ़ाने वाली मुख्य वजहें हैं। मोटापा न केवल शरीर के लुक को खराब करता है बल्कि डायबिटीज, हृदय रोग, ब्लड प्रेशर, फैटी लिवर जैसी समस्याओं के खतरे को भी कई गुना बढ़ा देता है।
यदि बिना किसी स्पष्ट कारण के आपका वजन तेजी से बढ़ रहा है, तो इसकी वजह जानना और उस वजह को पहचानकर जरूरी कदम उठाना चाहिए। आइए जानते हैं अचानक वजन बढ़ने के पीछे कौन से कारण जिम्मेदार होते हैं।
आप पूरे दिन में कितनी कैलोरी लेते हैं और कितना बर्न करते हैं, इस पर आपका वजन निर्भर करता है। एक दिन में कई पाउंड वजन घटाना या बढ़ाना लगभग असंभव है। वास्तव में, वॉटर रिटेंशन वजन बढ़ने का एक सामान्य कारण है। जब भी हम कोई प्रोसेस्ड या नमकीन खाद्य पदार्थ खाते हैं, तो वॉटर रिटेंशन बढ़ता है और वजन भी बढ़ जाता है।
महिलाओं में पीरियड्स के दौरान और उसके आगे-पीछे के दिनों में बदलाव आना नॉर्मल बात है। ज्यादातर महिलाएं इस दौरान वेट गेन करती हैं। जबकि कुछ महिलाओं का वजन कम भी हो सकता है। पीरियड्स के दौरान वेट गेन अक्सर वॉटर रिटेंशन के कारण होता है और पीरियड्स खत्म होते ही वजन भी अपनी जगह पर पहुंच जाता है। प्रेगनेंसी, पीरियड्स और अन्य प्रकार की स्वास्थ्य परिस्थितियों में हार्मोनल उतार-चढ़ाव वजन घटने और बढ़ने का कराण हो सकते हैं।
जब आप तनाव में होते हैं, तो आपके हार्मोन्स बदलते हैं औऱ इसकी वजह से भूख बढ़ती या कम होती है। कई लोग इस दौरान खाना छोड़ देते हैं, तो कई लोग इंपल्सिव ईटिंग करने लगते हैं। इसकी वजह से भी वजन में बदलाव दिखता है। तनाव के कारण प्रोसेस्ड और हाई सोडियम वाले खाद्य पदार्थ खाने की इच्छा बढ़ जाती है।
सिडेंट्री लाइफ स्टाइल में हर दूसरा व्यक्ति नींद की कमी का शिकार हो रहा है। अच्छी नींद शरीर के हार्मोन बैलेंस और मेटाबॉलिज्म के लिए जरूरी होता है। नींद पूरी न होने पर भूख अधिक लगती है। इसलिए 7-8 घंटे की नींद सभी के लिए आवश्यक होते हैं।
कई लोग कई प्रकार की दवाइयों का सेवन करते हैं। दवाइयों के साइड इफेक्ट के तौर पर भी वजन बढ़ता जाता है। कुछ एंटीडिप्रेसेंट, स्टेरॉयड, मिर्गी की दवाएं और कुछ अन्य दवाओं के सेवन से भूख बढ़ सकती है या शरीर में पानी जमा हो सकता है, जिससे वजन बढ़ा हुआ दिखता है।