Highlights:
ज्यादातर लड़कियों को 12 से 13 साल की उम्र में पहली माहवारी आती है, लेकिन हर किसी का शारीरिक विकास अलग होता है।
पहली बार पीरियड्स में हल्की ब्लीडिंग, रेड या ब्राउन रंग के धब्बे और पेट में ऐंठन जैसे लक्षण दिखाई देते हैं।
सैनिटरी पैड का इस्तेमाल, समय पर उसे बदलना, साफ-सफाई रखना और पीरियड्स डेट नोट करना जरूरी है।
What To Expect During First Period: लड़कियों के जीवन में पहली बार पीरियड्स आना एक बड़ा बदलाव होता है। इस दौरान शरीर में मेंटल, फिजिकल व हार्मोनल, कई तरह के बदलाव आते हैं। किसी को पेट में हल्का दर्द होता है, तो किसी को अचानक लाल या भूरे रंग के धब्बे दिखाई देते हैं। पहली बार ऐसा होने पर कई लड़कियां घबरा जाती हैं, क्योंकि उन्हें समझ नहीं आता कि ऐसा क्यों हो रहा है।
इसलिए जरूरी है कि लड़कियों को पहली माहवारी आने से पहले ही इसके बारे में सही जानकारी हो। उन्हें पता होना चाहिए कि पीरियड्स क्यों आते हैं, कितने दिन रहते हैं और इस दौरान साफ-सफाई का ध्यान कैसे रखना है।
माहवारी एक नेचुरल प्रोसेस है, जो लड़कियों में टीनएज के दौरान शुरू होती है। हर महीने गर्भाशय की अंदरूनी परत मोटी होती है। जब गर्भधारण नहीं होता, तो यह परत खून के साथ योनि के रास्ते शरीर से बाहर निकलती है। इसी प्रक्रिया को पीरियड्स कहते हैं।
ज्यादातर लड़कियों को 12 से 13 साल की उम्र में पहली बार माहवारी आती है। बदलते लाइफस्टाइल की वजह से कुछ लड़कियों को यह इससे पहले या बाद में भी शुरू होती है। आमतौर पर स्तनों का विकास शुरू होने के 2 से 3 साल बाद पहली माहवारी आती है।
पहली बार पीरियड्स आने से पहले शरीर कुछ संकेत देता है। जैसे स्तनों का विकास, कुछ बॉडी पार्टस पर हेयर ग्रोथ, व्हाइट डिस्चार्ज और कभी-कभी पेट के निचले हिस्से में हल्की ऐंठन।
पहली माहवारी में हमेशा ज्यादा ब्लीडिंग हो, ऐसा जरूरी नहीं है। शुरुआत में लाल, गहरे लाल या भूरे रंग के कुछ धब्बे दिखाई देते हैं। कभी-कभी ब्लीडिंग बहुत हल्की होती है और कुछ दिनों में बंद हो जाती है। आमतौर पर पीरियड्स 2-7 दिनों तक रहते हैं।
पहली बार पीरियड्स आने पर सैनिटरी पैड इस्तेमाल करना आसान होता है। पैड को हर 4-5 घंटे में या गीला और भरा हुआ महसूस होने पर बदलना चाहिए। पैड के इस्तेमाल में हाइजीन का खास ख्याल रखना जरूरी है। इससे खुजली व जलन जैसी समस्या से बचाव होता है।
माहवारी के दौरान प्राइवेट पार्ट के बाहरी हिस्से को साफ पानी से धोना पर्याप्त है। पैड बदलने से पहले और बाद में हाथ धोएं। रोज अंडर गारमेंट्स बदलें और शरीर को साफ रखें। किसी भी साबुन, परफ्यूम या किसी तरह के केमिकल का इस्तेमाल न करें। इससे जलन और संक्रमण का खतरा बढ़ता है।
पीरियड्स के दौरान यूटेरस की मांसपेशियां सिकुड़ती हैं, जिससे पेट के निचले हिस्से और कमर में दर्द या ऐंठन महसूस होती है। कुछ लड़कियों को सिरदर्द, थकान या मूड स्विंग भी महसूस होता है। ऐसे में पेट पर गर्म पानी से हल्की सिकाई, आराम और हल्की फिजिकल एक्टिविटी से राहत मिलती है। बहुत ज्यादा दर्द होने पर डॉक्टर से संपर्क करें।
पहली माहवारी के बाद अगले कुछ महीनों तक पीरियड्स अनियमित हो सकते हैं। कभी अगली माहवारी जल्दी आ सकती है, तो कभी कुछ समय बाद। इसलिए पहली बार ब्लीडिंग शुरू होने की तारीख कैलेंडर में नोट करें। इससे आगे चलकर पीरियड्स के पैटर्न को समझने में मदद मिलेगी। इससे आपको पता चल पाएगा कि आपका पीरियड साइकिल कितने दिनों का है। इसके लिए कई ऐप भी मौजूद हैं।
अगर हर 1 से 2 घंटे में पैड पूरी तरह भीग रहा है, तो डॉक्टर से सलाह लें।
ब्लीडिंग 7 दिनों से ज्यादा होने लगें, तो जांच करवाएं।
बहुत तेज पेट दर्द, चक्कर या बेहोशी जैसी परेशानी होने पर तुरंत डॉक्टर से परामर्श लें।
15 साल की उम्र तक पहली माहवारी शुरू न होने पर भी डॉक्टर से कंसल्ट करना चाहिए।