तमिल शादी फूड्स फोटो.सोशल मीडिया
खाना खजाना

Tamil Wedding Food: केले के पत्ते पर ऐसे परोसा जाता है तमिल शादी का खाना, हर डिश का है खास क्रम और मतलब

Wedding Food: तमिल शादियों में मेहमानों को केले के पत्ते पर पारंपरिक कल्याण सपाडु परोसा जाता है। जानिए क्या है यह खास भोज, इसमें कौन-कौन से व्यंजन शामिल होते हैं और खाना परोसने का क्रम क्यों है खास।

रीता राय सागर

Tamil Nadu Wedding Food: भारत की शादियों रीति-रिवाजों के अलावा डेकोर और खानपान भी शादी का बड़ा हिस्सा है। दक्षिण भारत, खासकर तमिलनाडु की शादियों में मेहमानों को केले के पत्ते पर पारंपरिक भोजन परोसने की खास परंपरा है। इसे कल्याण सपाडु कहा जाता है।

इसमें अलग-अलग व्यंजन केले के पत्ते पर एक तय क्रम के अनुसार सर्व किए जाते हैं। शुरुआत में नमक, अचार और सब्जियों से लेकर दाल-चावल, सांभर, रसम और आखिर में दही चावल तक, हर चीज की अपनी जगह होती है। आइए जानते हैं क्या है कल्याण सपाडु और तमिल शादी में भोजन परोसने का यह तरीका क्यों खास है।

क्या होता है कल्याण सपाडु?

तमिल भाषा में 'कल्याणम' का अर्थ शादी और 'सपाडु' का मतलब भोजन होता है। इस तरह कल्याण सपाडु का अर्थ हुआ शादी का पारंपरिक भोज। आमतौर पर यह शाकाहारी भोजन होता है, जिसमें चावल, दाल, सांभर, रसम, अलग-अलग सब्जियां और स्वीट डिश शामिल होता है।यह भोजन परिवार, समुदाय और तमिलनाडु के अलग-अलग क्षेत्रों के अनुसार बदलता रहता है।

केले के पत्ते पर सबसे पहले रखी जाती हैं ये चीजें

भोजन शुरू होने से पहले केले के पत्ते को साफ करके मेहमान के सामने बिछाया जाता है। इसके बाद पत्ते के ऊपरी हिस्से में नमक, अचार, पचड़ी, पोरियल और कूटू जैसी चीजें रखी जाती हैं। पचड़ी दही और कुछ सामग्री से बनने वाली चटपटी डिश होती है, जबकि पोरियल का मतलब मसालों के साथ पकाई गई सूखी सब्जी है। कूटू में सब्जियों के साथ दाल या अन्य सामग्री का इस्तेमाल किया जाता है।

परप्पु साधम और घी से होती है शुरुआत

शुरुआत में चावल के साथ परप्पु यानी दाल परोसी जाती है। इसे परप्पु साधम कहा जाता है। इसके ऊपर थोड़ा घी डाला जाता है। दाल और चावल का यह मेल तमिल भोजन का एक अहम हिस्सा है। इसका स्वाद हल्का और सादा होता है।

इसके बाद आता है सांभर साधम

अब चावल के साथ सांभर परोसा जाता है। सांभर दाल, इमली और सब्जियों से तैयार होने वाला स्वादिष्ट व्यंजन है। सांभर चावल को तमिल भोजन में खास जगह है और शादी के भोज में भी सांभर प्रमुख हिस्सा होता है।

वथा कुजंबु या मोर कुजंबु का स्वाद

कुछ पारंपरिक भोज में सांभर के बाद वथा कुजंबु या मोर कुजंबु जैसे व्यंजन परोसे जाते हैं। वथा कुजंबु इमली और मसालों से बनने वाली तीखी-खट्टी ग्रेवी होती है। वहीं मोर कुजंबु छाछ या दही पर आधारित हल्की खट्टी करी है, जिसमें अक्सर सब्जियां भी डाली जाती हैं।

रसम के साथ मिलता है हल्का और खट्टा स्वाद

सांभर और अन्य ग्रेवी के बाद रसम को चावल के साथ परोसा जाता है। यह इमली, टमाटर, काली मिर्च और जीरे जैसी सामग्री से तैयार होने वाला पतला, खट्टा और मसालेदार व्यंजन है। सांभर के मुकाबले यह हल्की होती है।

आखिर में आता है थायर साधम यानी दही चावल

भोजन के आखिरी हिस्से में थायर साधम यानी दही चावल परोसा जाता है। इसे पके हुए चावल में दही मिलाकर बनाया जाता है। इसके साथ अचार भी सर्व किया जाता है। यह तमिल भोजन का एक लोकप्रिय हिस्सा है और पारंपरिक भोज में अक्सर भोजन के समापन का संकेत देता है।

मीठे में परोसा जाता है पायसम

तमिल शादी के भोज में पायसम का खास स्थान होता है। यह दूध, दाल, चावल या सेंवई से बनने वाली मीठी डिश है, जिसका स्वाद कुछ-कुछ खीर जैसा होता है।

खाने का क्रम क्यों है खास?

कल्याण सपाडु में व्यंजनों को एक व्यवस्थित क्रम में परोसने की परंपरा है। पहले नमक, अचार और सब्जियों जैसी चीजें रखी जाती हैं, फिर चावल के साथ दाल, सांभर और रसम जैसे व्यंजन आते हैं। अंत में दही चावल परोसा जाता है। इससे भोजन के अलग-अलग स्वाद का आनंद लेने का एक क्रम है।

भारत समिट विवाद: सुप्रीम कोर्ट में याचिका, विदेशी नेता के वोट चोर, गद्दी छोड़ नारे की SIT जांच की मांग

कोलकाता में आज से सागर सुरक्षा 2026 का आगाज, तटीय सुरक्षा मजबूत करने के लिए जुटेंगे देशभर के वरिष्ठ अधिकारी

रिंकू सिंह ने प्रिया सरोज को प्यार के जाल में कैसे फंसाया? कैसे शुरू हुई दोनों की लव स्टोरी

लाठियों से नहीं टूटा हौसला, देश के लिए दे दी जान; जानिए पंजाब केसरी लाला लाजपत राय की शौर्यगाथा

बालासाहेब ठाकरे की पुण्यतिथि पर नेताओं ने दी श्रद्धांजलि, शिवराज सिंह चौहान से योगी आदित्यनाथ तक ने किया याद