

मैक्सिकन नाचोज को दें देसी चाट का चटपटा ट्विस्ट।
दही, आलू, चटनी और मसालों से तैयार करें यह स्नैक।
दिवाली पार्टी में छोटे कप या बाउल में सर्व करें।
Diwali Party Snacks Recipes: दिवाली पर घर में मेहमान आने वाले हों, तो स्नैक्स की तैयारी भी खास होनी चाहिए। हर बार आलू टिक्की, समोसा या पापड़ी चाट परोसने के बजाय इस बार कुछ नया ट्राई करें।
नाचोज दही चाट एक फ्यूजन स्नैक है, जिसमें मैक्सिकन नाचोज को भारतीय चाट का चटपटा स्वाद दिया जा सकता है। इसे बनाने में भी ज्यादा समय भी नहीं लगता है।
1 बड़ा पैकेट सॉल्टेड नाचोज
1 कप गाढ़ा और ठंडा दही
आधा कप उबले हुए आलू
आधा कप बारीक कटा प्याज
आधा कप बारीक कटा टमाटर
3 बड़े चम्मच इमली की मीठी चटनी
2 बड़े चम्मच हरी चटनी
आधा छोटा चम्मच भुना जीरा पाउडर
आधा छोटा चम्मच चाट मसाला
लाल मिर्च पाउडर स्वादानुसार
नमक स्वादानुसार
आधा कप बारीक सेव
2 बड़े चम्मच अनार के दाने
थोड़ा हरा धनिया
सबसे पहले एक बाउल में ठंडा दही लें। इसे अच्छी तरह फेंट लें, ताकि इसमें गांठें न रहें। इसमें थोड़ा भुना जीरा पाउडर, चाट मसाला और स्वादानुसार नमक मिलाएं। अगर दही बहुत गाढ़ा है तो एक-दो चम्मच पानी ऐड करें।
उबले हुए आलू को छोटे टुकड़ों में काट लें। अब इसमें बारीक कटा प्याज और टमाटर मिलाएं। चाहें तो इसमें थोड़ा हरा धनिया और चुटकी भर चाट मसाला भी डाल सकती हैं।
एक बड़ी सर्विंग प्लेट में नाचोज को फैलाकर रखें। ध्यान रखें कि सभी नाचोज एक-दूसरे के ऊपर बहुत ज्यादा न हों, ताकि हर बाइट में उनका क्रंच बना रहे।
अब नाचोज के ऊपर तैयार दही डालें। इसके बाद इमली की मीठी चटनी और हरी चटनी को चारों तरफ फैलाएं। फिर आलू, प्याज और टमाटर का मिश्रण डाल दें।
ऊपर से चाट मसाला, भुना जीरा पाउडर, लाल मिर्च और सेव डालें। आखिर में अनार के दाने और हरा धनिया डालकर सजाएं। आपकी चटपटी नाचोज दही चाट तैयार है।
नाचोज दही चाट को एक बड़ी प्लेट में रखने के बजाय अलग-अलग छोटे सर्विंग बाउल या कप में परोसें। इससे मेहमानों को खाने में आसानी होगी और हर सर्विंग में नाचोज चाट का पूरा स्वाद मिलेगा। ध्यान रखें कि इसे बनाकर लंबे समय तक न रखें, वरना नाचोज नरम हो सकते हैं।