मनसे अध्यक्ष राज ठाकरे (pic credit; social media)
Raj Thackeray News: मुंबई महानगरपालिका सहित आगामी स्थानीय निकाय चुनावों में कुछ ही महीने बचे हैं। ऐसे सभी सियासी दलों की तैयारी तेज हो गई है। इसी पृष्ठभूमि में महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) अध्यक्ष राज ठाकरे भी एक्शन मोड में आ गए हैं। राज ने मुंबई में आठ नए पदाधिकारियों की नियुक्ति की है, जिसमें विभाग प्रमुख भी शामिल होंगे।
दावा किया जा रहा है कि निकट भविष्य होनेवाले मनपा चुनाव हिंदी बनाम मराठी के मुद्दे पर लड़े जाने की संभावनाओं को देखते हुए राज ने इन नियुक्तियों को मंजूरी दी है। मनसे पार्टी के दृष्टिकोण से चुनाव में इन नियुक्तियों की भूमिका महत्वपूर्ण होगी।
पुरानी नियुक्तियां रद्द, नई नियुक्तियों को मंजूरी
मनपा चुनाव से पहले अपनी पार्टी के संगठनात्मक ढांचे को मजबूती प्रदान करने के मकसद से राज ठाकरे ने नई केंद्रीय समिति का गठन किया था। इस समिति को 'काम न करने वाले पदाधिकारियों को चिन्हित करने तथा उनकी जगह योग्य विकल्प सुझाने' की जिम्मेदारी दी गई थी। पार्टी के पदाधिकारियों की स्थिति की समीक्षा के बाद केंद्रीय समिति ने जो रिपोर्ट प्रस्तुत की उसके आधार पर पुरानी नियुक्तियों को राज ने रद्द कर दिया है और नई नियुक्तियों को शनिवार को मंजूरी दी। इस दौरान उत्तर भारतीय और गुजराती मतदाताओं वाले पश्चिमी उपनगरों में पदाधिकारियों की नियुक्ति पर विशेष ध्यान दिया गया है।
ये है मनसे के नव नियुक्त विभाग प्रमुख
- प्रदीप वाघमारे - कुर्ला विधानसभा मंडल अध्यक्ष
- रवींद्र शेलार - अणुशक्ति नगर विधानसभा मंडल अध्यक्ष
- महेश फरकसे - कांदिवली पूर्व विधानसभा मंडल अध्यक्ष
- दीपक आर्य - जोगेश्वरी विधानसभा मंडल अध्यक्ष
- पांडुरंग राणे - दहिसर विधानसभा मंडल अध्यक्ष
- विश्वास मोरे - बोरीवली विधानसभा मंडल अध्यक्ष
- अनिल पंडित राजभोज - भांडुप विधानसभा मंडल अध्यक्ष
- दिनेश पुंडे - मालाबार हिल विधानसभा मंडल अध्यक्ष
27 जुलाई का सम्मेलन रद्द
27 जुलाई को मुंबई के रंगशारदा हॉल में प्रस्तावित महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना का सम्मेलन अचानक स्थगित कर दिया गया है। राज ठाकरे की मुख्य उपस्थिति में मुंबई के सभी संभागीय और उप-संभागीय पदाधिकारियों, शाखा अध्यक्षों और सहयोगी संगठनों के प्रमुखों को इस बैठक में भाग लेना था। लेकिन पार्टी की ओर सूचना जारी करके सम्मेलन रद्द किए जाने की जानकारी पदाधिकारियों को दी गई है। सूचना में अगली बैठक की तारीख जल्द ही घोषित किए जाने की बात कही गई है।