BMC चुनाव के लिए बीजेपी की स्पेशल 29 टीम तैयार, कांग्रेस ने भी कसी कमर

BMC Election: बीजेपी ने अपने स्पेशल 29 नेताओं को अहम जिम्मेदारी सौंप कर मुंबई मनपा चुनाव की तैयारियों का शंखनाद कर दिया है। कांग्रेस ने भी अपने 34 विश्वसनीय सिपाहसालारों को मैदान में उतारा है।
बृहन्मुंबई महानगरपालिका (pic credit; social media)
बृहन्मुंबई महानगरपालिका (pic credit; social media)
Published on
Updated on

मुंबई: राज्य के स्कूलों में पहली कक्षा से तीसरी भाषा के रूप में हिंदी या कोई अन्य भाषा पढ़ाए जाने के महायुति सरकार के निर्णय वजह से राज्य में घमासान मचा हुआ है। राज ठाकरे की पार्टी महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना व पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे की पार्टी शिवसेना उद्धव बालासाहेब ठाकरे सहित पूरा विपक्षी गठबंधन हिंदी बनाम मराठी विवाद में उलझा हुआ है। इसी बीच बीजेपी ने मुंबई महानगर पालिका पर कब्जा जमाने की अपनी महत्वाकांक्षा को मूर्त रूप देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बढ़ाया है।

बीजेपी ने शनिवार को अपने स्पेशल 29 नेताओं अहम जिम्मेदारी सौंप कर मुंबई मनपा चुनाव की तैयारियों का शंखनाद कर दिया। जिसके जवाब में कांग्रेस ने भी अपने 34 धुरंधरों को मैदान में उतार दिया है। मनपा चुनाव की तैयारियों के लिए बीजेपी ने वार्डवार समीक्षा करने का निर्णय लिया है। इसके लिए बीजेपी के 27 प्रमुख नेताओं की मुंबई महानगरपालिका चुनाव प्रबंधन समिति बनाई गई है।

समिति की घोषणा करते हुए पार्टी के मुंबई प्रदेश अध्यक्ष व मंत्री एड. आशीष शेलार ने कहा कि विधानसभा चुनाव मिली ऐतिहासिक जीत के बाद बीजेपी के लिए मनपा चुनाव में अपेक्षित सफलता प्राप्त करना जरूरी हो गया है। इसके अलावा योजनाबद्ध तरीके से वार्डवार समीक्षा करने और रिपोर्ट प्रस्तुत करने के लिए जिलेवार पदाधिकारियों की नियुक्ति भी की गई है। इन सदस्यों को 7 जुलाई 2025 तक भाजपा मुंबई कार्यालय में रिपोर्ट प्रस्तुत करनी होगी। पार्टी की ओर से मुंबई के 6 जिलों के लिए 12 प्रमुख नेताओं को समीक्षा की जिम्मेदारी दी गई है।

हिंदी भाषियों पर बीजेपी का जोर

मनपा चुनाव की तैयारियों के सिलसिले में बीजेपी में 11 हिंदीभाषियों को अहम जिम्मेदारी मिली है। केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल, राज्य के कैबिनेट मंत्री मंगलप्रभात लोढ़ा, विधायक विद्या ठाकुर, मिहीर कोटेचा, मनोज कोटक, पराग अलवानी, संजय उपाध्याय, राजहंस सिंह, कृपाशंकर सिंह, विनोद मिश्रा और तेजिंदर सिंह तिवाना हिंदी भाषी हैं। इनमें पांच लोग उत्तर भारतीय हैं।

कांग्रेस ने भी कसी कमर

विधानसभा चुनाव 2024 के निराशाजनक प्रदर्शन की मायूसी को पीछे छोड़ते हुए कांग्रेस भी मुंबई मनपा के लिए कमर कस कर मैदान में कूद पड़ी है। बीजेपी के मुंबई प्रदेश अध्यक्ष एड. आशीष शेलार की तर्ज पर कांग्रेस की मुंबई प्रदेश अध्यक्ष व सांसद वर्षा गायकवाड भी मुंबई मनपा चुनाव में इस बार कोई कोर कसर छोड़ना नहीं चाहती हैं। पार्टी की जड़ों को मजबूती प्रदान करने के लिए वर्षा में मुंबई में जीत की संभावनाओं वाली सीटों की समीक्षा की तैयारी शुरू की है। इसके लिए उन्होंने अपने 34 विश्वसनीय सिपाहसालारों को मैदान में उतारा है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com